उत्तराखंड

रुड़की के होटल में सेना के जवान का शव मिलने से सनसनी, मौत की वजह का इंतजार

14 जून से होटल में ठहरे थे कमलदीप सिंह, कमरे से कई घंटों तक कोई हलचल नहीं होने पर पुलिस ने दरवाजा खुलवाया।

रुड़की में रोडवेज बस अड्डे के पास स्थित एक होटल के कमरे में सेना के एक जवान का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। कई दिनों से होटल में ठहरे जवान के कमरे से मंगलवार सुबह काफी देर तक कोई हलचल नहीं होने पर होटल कर्मचारियों को शक हुआ। काफी आवाज लगाने के बावजूद जब अंदर से कोई जवाब नहीं मिला, तो उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और होटल प्रबंधन की मदद से डुप्लीकेट चाबी से कमरे का दरवाजा खुलवाया। अंदर सेना के जवान मृत अवस्था में मिले। घटना की जानकारी मिलते ही फोरेंसिक टीम और सेना के अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी। फिलहाल मौत के कारणों का पता नहीं चल सका है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान कमलदीप सिंह (40 वर्ष) के रूप में हुई है, जो नैनीताल जिले के हल्द्वानी स्थित गौरधारा क्षेत्र के निवासी थे। वह 14 जून से रुड़की के इस होटल में ठहरे हुए थे।

जांच के दौरान पुलिस को कमरे से सेना का पहचान पत्र और अन्य जरूरी दस्तावेज मिले, जिनके आधार पर उनकी पहचान की गई। पुलिस ने उनके मोबाइल फोन के जरिए परिजनों से संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन फोन पैटर्न लॉक होने के कारण यह संभव नहीं हो सका।

इसके बाद सेना के अधिकारियों को सूचना दी गई। सेना और फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए। बाद में मृतक के मोबाइल पर आए एक परिचित के फोन के माध्यम से परिजनों को घटना की जानकारी दी गई।

फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है। मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!