परमवीर चक्र विजेताओं का बढ़ा सम्मान: उत्तराखंड में वीर सैनिकों की अनुग्रह राशि अब 2 करोड़ रुपये
सीएम धामी ने देहरादून में की घोषणा; सैनिक परिवारों की छात्रवृत्ति से लेकर कुम्भ और ग्रामीण विकास योजनाओं के लिए भी करोड़ों की मंजूरी

उत्तराखंड सरकार ने देश के लिए सर्वोच्च बलिदान और अदम्य साहस दिखाने वाले परमवीर चक्र से सम्मानित वीर सैनिकों के लिए बड़ी घोषणा की है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बताया कि अब ऐसे वीर सैनिकों को दी जाने वाली अनुग्रह राशि को डेढ़ करोड़ रुपये से बढ़ाकर 2 करोड़ रुपये किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सैनिकों और उनके परिवारों के सम्मान व कल्याण के लिए राज्य सरकार पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
मुख्यमंत्री ने देहरादून में यह घोषणा करते हुए कई अन्य विकास योजनाओं को भी मंजूरी दी। इनमें शहरी सुविधाओं, धार्मिक स्थलों के विकास, कुम्भ मेला तैयारियों और ग्रामीण क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने से जुड़े कई प्रस्ताव शामिल हैं।
देहरादून के टपकेश्वर महादेव गढ़ी डाकरा कैंट क्षेत्र में 8 एमएलडी क्षमता वाले सीवर शोधन संयंत्र के निर्माण के लिए भूमि खरीद को लेकर 6.62 करोड़ रुपये की धनराशि स्वीकृत करने का अनुमोदन दिया गया है। इसके अलावा नाबार्ड से वित्त पोषित 21 योजनाओं के लिए करीब 41.37 करोड़ रुपये की मंजूरी दी गई है।
कुंभ तैयारियों के लिए करोड़ों की स्वीकृति
हरिद्वार में होने वाले कुंभ मेला 2027 की तैयारियों को देखते हुए अस्थायी व्यवस्थाओं के लिए भी बजट जारी किया गया है। बल्ली बैरिकेडिंग, चक्रव्यूह बैरियर, अस्थायी फायर वॉच टावर समेत अन्य कार्यों के लिए 5.46 करोड़ रुपये और 8 अस्थायी रैन बसेरों के निर्माण के लिए 6.85 करोड़ रुपये की धनराशि को मंजूरी दी गई है।
अल्मोड़ा और पिथौरागढ़ में विकास कार्यों को गति
सरकार ने पहाड़ी जिलों में विकास कार्यों के लिए भी धनराशि जारी की है। अल्मोड़ा के द्वाराहाट क्षेत्र में सुकेश्वर महादेव मंदिर के जीर्णोद्धार कार्य के लिए 1.24 करोड़ रुपये से अधिक की स्वीकृति दी गई है। वहीं सेराघाट में मां मंगला भगवती मंदिर परिसर में धर्मशाला निर्माण के लिए करीब 72.83 लाख रुपये मंजूर किए गए हैं। पिथौरागढ़ के मूनाकोट क्षेत्र में बुद्धेश्वर मंदिर के सौंदर्यीकरण और धर्मशाला निर्माण के लिए 22 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं।
उधमसिंहनगर में अम्बेडकर पार्क के सौंदर्यीकरण को मंजूरी
किच्छा विधानसभा क्षेत्र के ग्राम दरऊ में डॉ. भीमराव अम्बेडकर पार्क और तालाब के सौंदर्यीकरण के लिए 25 लाख रुपये की धनराशि स्वीकृत की गई है।