उत्तराखंड

रुड़की में अवैध सॉस फैक्ट्री पर खाद्य सुरक्षा विभाग का छापा, 8 कुंतल सॉस नष्ट

गंदगी के बीच बन रही थी सॉस, बिना लेबल की 351 बोतलें जब्त; फैक्ट्री पर अगले आदेश तक रोक

रुड़की में खाद्य सुरक्षा विभाग ने एक अवैध सॉस फैक्ट्री पर बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 8 कुंतल सॉस नष्ट कर दिया। जांच के दौरान फैक्ट्री में गंदगी के बीच सॉस तैयार किया जा रहा था, जबकि बड़ी संख्या में बिना लेबल वाली बोतलें भी मिलीं। विभाग ने अनियमितताओं को गंभीर मानते हुए फैक्ट्री के संचालन पर अगले आदेश तक रोक लगा दी है।

जानकारी के मुताबिक, हरिद्वार जिले में बाजारों में बिना लेबल वाले सॉस की बिक्री की लगातार शिकायतें मिल रही थीं। इन्हीं शिकायतों के आधार पर वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी दिलीप जैन और पवन कुमार की टीम ने रुड़की के मतलबपुर गांव स्थित एक फैक्ट्री में छापेमारी की।

निरीक्षण के दौरान टीम को 351 बिना लेबल वाली वेजिटेबल सॉस की बोतलें मिलीं। जांच में पाया गया कि इन बोतलों पर बैच नंबर, निर्माण तिथि, एक्सपायरी डेट, निर्माता का नाम-पता, एफएसएसएआई लाइसेंस नंबर और सामग्री (इंग्रीडिएंट्स) जैसी जरूरी जानकारी दर्ज नहीं थी। इसके बाद सभी बोतलों को मौके पर ही नष्ट कर दिया गया।

जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी महिमानंद जोशी ने बताया कि फैक्ट्री में सॉस बेहद अस्वच्छ परिस्थितियों में बनाया जा रहा था। मशीनों पर गंदगी जमी हुई थी और फर्श व दीवारों की साफ-सफाई भी बेहद खराब थी। टीम ने तैयार सॉस के दो नमूने लेकर जांच के लिए रुद्रपुर स्थित प्रयोगशाला भेज दिए हैं।

जांच के दौरान फैक्ट्री संचालक पानी की गुणवत्ता संबंधी रिपोर्ट, कर्मचारियों के मेडिकल प्रमाण पत्र और पैकेजिंग में इस्तेमाल हो रही प्लास्टिक बोतलों के फूड ग्रेड प्रमाणपत्र जैसे जरूरी दस्तावेज भी नहीं दिखा सका।

इन गंभीर अनियमितताओं के चलते फैक्ट्री में मौजूद करीब 8 कुंतल सॉस, जिसकी अनुमानित कीमत 32 हजार रुपये बताई गई है, मौके पर ही नष्ट करा दिया गया। साथ ही फैक्ट्री में खाद्य पदार्थों के निर्माण, भंडारण और बिक्री पर अगले आदेश तक रोक लगा दी गई है। विभाग ने फैक्ट्री के बाहर नोटिस भी चस्पा कर दिया है।

खाद्य सुरक्षा विभाग का कहना है कि खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और उपभोक्ताओं की सुरक्षा से किसी भी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा। नियमों का उल्लंघन करने वाली इकाइयों के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!