DehradunUttrakhand

शैलेश मटियानी शैक्षिक पुरस्कार से सम्मानित हुए 19 शिक्षक, राज्यपाल ने बढ़ाया हौसला

शिक्षक दिवस के अवसर पर देशभर में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित कर शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाले शिक्षकों को सम्मानित किया गया। इसी क्रम में देहरादून स्थित लोक भवन में आयोजित शैलेश मटियानी राज्य शैक्षिक पुरस्कार समारोह में राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) गुरमीत सिंह ने वर्ष 2025 के लिए चयनित 19 शिक्षक एवं शिक्षिकाओं को सम्मानित किया।

इस अवसर पर राज्यपाल ने सभी शिक्षकों को शिक्षक दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि शिक्षक केवल एक पेशे से जुड़ा व्यक्ति नहीं, बल्कि पीढ़ियों को सही दिशा देने वाला और राष्ट्र के भविष्य को संवारने वाला मार्गदर्शक होता है।

राज्यपाल गुरमीत सिंह ने शिक्षकों को किया सम्मानित: राज्यपाल गुरमीत सिंह ने कहा कि किसी विद्यार्थी के भीतर छिपी प्रतिभा और संभावनाओं को पहचानना, उसमें आत्मविश्वास जगाना और आगे बढ़ने का साहस देना शिक्षक का सबसे महत्वपूर्ण योगदान है। उन्होंने कहा कि हिन्दी साहित्य के संवेदनशील कथाकार शैलेश मटियानी ने पहाड़ के आम जनजीवन, उनके संघर्षों और संवेदनाओं को अपनी लेखनी के माध्यम से सशक्त अभिव्यक्ति दी।

शिक्षा मंत्री ने सम्मानित शिक्षकों को दी बधाई: वहीं, शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने कहा कि-शैलेश मटियानी राज्य शैक्षिक पुरस्कार करीब 70 हजार शिक्षकों में से 19 शिक्षकों का चयन करना चुनौतीपूर्ण काम है. उन्होंने सभी चयनित शिक्षकों को बधाई देते हुए कहा कि यह सम्मान उनके उत्कृष्ट कार्य और शिक्षा के प्रति समर्पण का प्रमाण है. ये पुरस्कार प्रसिद्ध साहित्यकार एवं कथाकार शैलेश मटियानी के नाम पर प्रदान किया जाता है.

प्राथमिक शिक्षा श्रेणी में ये शिक्षक हुए सम्मानित: शैलेश मटियानी राज्य शैक्षिक पुरस्कार के तहत प्राथमिक शिक्षा श्रेणी में 12 शिक्षकों को सम्मानित किया गया। सम्मान पाने वालों में विष्णुपाल सिंह नेगी (पौड़ी गढ़वाल), लखपत सिंह रावत (चमोली), पृथ्वी सिंह रावत (उत्तरकाशी), वीरेंद्र सिंह रावत (देहरादून), रोबिन कुमार (हरिद्वार), महेश्वर प्रसाद सेमवाल (टिहरी), शशिकांत नौटियाल (रुद्रप्रयाग), जहीर अब्बास (चंपावत), नौ सिंह (ऊधमसिंह नगर), डॉ. श्वेता मजगांई (नैनीताल), विक्रम सिंह परिहार (पिथौरागढ़) और त्रिलोक सिंह अधिकारी (अल्मोड़ा) शामिल हैं।

माध्यमिक शिक्षा श्रेणी में ये शिक्षक हुए सम्मानित: माध्यमिक शिक्षा श्रेणी में कुल छह शिक्षकों को सम्मानित किया गया। इनमें नरेंद्र सिंह नेगी (पौड़ी गढ़वाल), डॉ. सुमन ध्यानी शर्मा (चमोली), डॉ. अतुल कुमार श्रीवास्तव (देहरादून), कमलेश पंवार (हरिद्वार), नवीन चंद्र पंत (चंपावत) और विशन सिंह मेहता (नैनीताल) शामिल हैं।

प्रशिक्षण संस्थान और विशेष सम्मान: प्रशिक्षण संस्थान श्रेणी में डॉ. सुबोध सिंह बिष्ट (उत्तरकाशी) को सम्मानित किया गया। वहीं, राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार विजेता मंजूबाला (चंपावत) को विशेष सम्मान से नवाजा गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!