
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की अध्यक्षता में शुक्रवार को हुई कैबिनेट बैठक में मेडिकल इंटर्न समेत कई अहम फैसलों पर मुहर लगी। सरकार ने राज्य के पांच राजकीय मेडिकल कॉलेजों में एमबीबीएस इंटर्न का मासिक स्टाइपेंड 17 हजार से बढ़ाकर 25 हजार रुपये करने का फैसला लिया है।
बैठक में विभिन्न विभागों से जुड़े कुल 10 प्रस्तावों को मंजूरी दी गई। इसके अलावा खेल नीति-2021 के तहत राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय पदक विजेता खिलाड़ियों को आउट ऑफ टर्न नियुक्ति देने के लिए 243 पदों को मंजूरी दी गई है।
कैबिनेट ने सरकारी अधिवक्ताओं के शुल्क में पुनर्निर्धारण, विधिक माप विज्ञान नियमावली में संशोधन, हरिद्वार में ईएसआई अस्पताल के लिए 15 एकड़ भूमि आवंटन और मसूरी में भूमि से जुड़े प्रस्तावों को भी मंजूरी दी। वहीं, 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक सेवा संकल्प अभियान चलाने का निर्णय लिया गया है।