DehradunUttrakhand
ऋषिकेश में गंगा किनारे दो नवजात बच्चियों के शव मिलने से फैली सनसनी, जांच में जुटी पुलिस
नाव घाट और साई घाट के पास मिले शव, पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेजे

- देहरादून: ऋषिकेश में गंगा नदी के तट पर दो अलग-अलग स्थानों से नवजात बच्चियों के शव बरामद होने के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया है। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दोनों शवों को अपने कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस मामले के हर संभावित पहलू को ध्यान में रखकर पड़ताल कर रही है।
- पहला मामला नाव घाट के पास का है, जहां लगभग 10 महीने की एक बच्ची का शव पानी से बरामद हुआ। शुरुआती आशंका जताई जा रही है कि बच्ची की किसी कारणवश मृत्यु होने के बाद परिजनों ने शव को गंगा में प्रवाहित कर दिया होगा, जो बहकर ऋषिकेश तक पहुंच गया। हालांकि, मौत की असल वजह और परिस्थितियां पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही साफ हो सकेंगी।
वहीं दूसरी घटना साई घाट के पास सामने आई, जहां तट पर महज एक दिन की नवजात बच्ची का शव मिला। इस बच्ची की नाल भी कटी हुई नहीं थी, जिससे घटना पर कई गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि क्या जन्म के तुरंत बाद बच्ची को यहां छोड़ा गया या फिर इसके पीछे कोई अन्य वजह है।
प्रशासन ने दोनों मामलों की गहन जांच शुरू कर दी है। आसपास के क्षेत्रों में लोगों से पूछताछ की जा रही है और सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर ही आगे की वैधानिक कार्रवाई तय की जाएगी।