DehradunUttrakhandसामाजिक

नगर आयुक्त की सख्ती का दिखने लगा असर, अब दिन में भी सड़कों और गलियों की सफाई में जुटे कर्मचारी

देहरादून में सफाई व्यवस्था को लेकर बदला नजारा, मुख्य मार्गों से लेकर गली-मोहल्लों तक दिनभर झाड़ू लगाते नजर आ रहे सफाईकर्मी

देहरादून। नगर निगम की सफाई व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए नगर आयुक्त आलोक कुमार पांडेय द्वारा की गई सख्ती का असर अब शहर की सड़कों पर दिखाई देने लगा है। सफाई निरीक्षकों के औचक निरीक्षण, जवाबदेही तय करने और कार्यप्रणाली में सुधार के निर्देशों के बाद सफाई व्यवस्था में बदलाव नजर आ रहा है। अब शहर के मुख्य मार्गों के साथ-साथ गली-मोहल्लों में भी सफाई कर्मचारी दिन के समय झाड़ू लगाते और सफाई करते दिखाई दे रहे हैं।

नगर आयुक्त आलोक कुमार पांडेय ने विशेष रूप से दिन के समय सफाई व्यवस्था पर फोकस करने के निर्देश दिए थे। इसके बाद सफाई कर्मचारियों की दिन में भी नियमित तैनाती और सफाई कार्य पर जोर दिया जा रहा है। पहले जहां शहर में दिन के समय सड़कों पर सफाई कर्मचारी कम ही दिखाई देते थे, वहीं अब विभिन्न क्षेत्रों में कर्मचारी बार-बार झाड़ू लगाकर सड़कों और गलियों को साफ करते नजर आ रहे हैं।

जयपुर सहित देश के कई बड़े शहरों में दिन के समय भी नियमित सफाई व्यवस्था देखने को मिलती है। इसी तरह देहरादून में भी अब दिन के समय सफाई कार्य को प्राथमिकता दिए जाने से शहर की सफाई व्यवस्था में बदलाव दिखाई देने लगा है।

नगर आयुक्त आलोक कुमार पांडेय द्वारा हाल ही में सफाई निरीक्षकों की बैठक लेकर उनके मोबाइल फोन जमा करवाने और इसके बाद औचक निरीक्षण पर निकलने की कार्रवाई ने निगम के सफाई अमले में जवाबदेही का संदेश दिया है। निरीक्षण के दौरान लापरवाही मिलने पर संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देशित करने के साथ आवश्यक कार्रवाई भी की गई।

नगर आयुक्त की इस पहल के बाद अब सफाई व्यवस्था केवल सुबह की औपचारिक गतिविधि तक सीमित न रहे, बल्कि पूरे दिन शहर की स्वच्छता बनी रहे, इस दिशा में प्रयास किए जा रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!