आशारोड़ी-मोकमपुर एलिवेटेड रोड से मोहब्बेवाला ब्लैक स्पॉट पर हादसे रोकने की उम्मीद

देहरादून। आशारोड़ी से मोकमपुर तक प्रस्तावित एलिवेटेड रोड बनने से मोहब्बेवाला ब्लैक स्पॉट पर होने वाले हादसों को रोकने में मदद मिलेगी। साथ ही शहर के बाहरी मार्ग पर यातायात का दबाव कम होने से जाम की समस्या से भी राहत मिलने की उम्मीद है। यह जानकारी राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) के क्षेत्रीय अधिकारी दिनेश चतुर्वेदी ने संयुक्त नागरिक संगठन के शिष्टमंडल को दी।शिष्टमंडल ने मोहब्बेवाला ब्लैक स्पॉट पर लगातार हो रहे सड़क हादसों को लेकर अधिकारियों के समक्ष चिंता जताई। वहीं, भानियावाला-ऋषिकेश मार्ग के चौड़ीकरण में पर्यावरणीय नुकसान को कम करने की मांग भी रखी।
अधिकारियों ने बताया कि पर्यावरणीय प्रभाव को कम करने के लिए परियोजना के वन क्षेत्र में राइट ऑफ वे (आरओडब्ल्यू) को 60 मीटर से घटाकर 23 मीटर किया गया है। इससे अनावश्यक वन क्षेत्र प्रभावित होने से बचाया जा सकेगा। एनएचएआई ने प्रतिपूरक वनीकरण और अगले 10 वर्षों के रखरखाव के लिए 1.97 करोड़ रुपये से अधिक की राशि वन विभाग को जमा की है। इसके अलावा राज्य सरकार ने प्रतिपूरक वनीकरण के लिए 40 हेक्टेयर गैर-वन भूमि वन विभाग को हस्तांतरित की है।

परियोजना के तहत हाथियों और अन्य बड़े वन्यजीवों की सुरक्षित आवाजाही के लिए एक प्रमुख ब्रिज-कम-एलीफेंट अंडरपास और चार समर्पित एलीफेंट अंडरपास बनाए जा रहे हैं। करीब 3.5 किलोमीटर लंबी एलिवेटेड संरचना भी प्रस्तावित है। अन्य वन्यजीवों की आवाजाही के लिए छह बॉक्स कल्वर्ट और छोटे वन्यजीवों, सरीसृप व उभयचरों के लिए 13 पाइप कल्वर्ट बनाए जा रहे हैं।
वन्यजीवों की सुरक्षा के लिए ग्रीन गाइड हेज, साउंड बैरियर, एंटी-ग्लेयर स्क्रीन, वन्यजीव चेतावनी संकेतक, स्पीड कैल्मिंग उपाय और नो-हॉर्न जोन जैसी व्यवस्थाएं भी परियोजना में शामिल की गई हैं।
अधिकारियों के अनुसार परियोजना से प्रभावित 4,369 पेड़ों में से 754 पेड़ों का फॉरेस्ट रिसर्च इंस्टीट्यूट के वैज्ञानिक आकलन के आधार पर प्रत्यारोपण किया जाएगा।
वहीं, संयुक्त नागरिक संगठन ने दून शहर के आंतरिक मार्गों पर बढ़ते यातायात और जाम की समस्या को कम करने के लिए विभिन्न क्षेत्रों को जोड़ने वाले एलिवेटेड रोड नेटवर्क की मांग भी रखी।
शिष्टमंडल में उमेश सक्सैना, अतुल कुमार गुप्ता, उमेश्वर सिंह रावत, प्रदीप कुकरेती, अवधेश शर्मा, सुशील त्यागी और नीलेश राठी शामिल रहे।