आदि कैलाश और ओम पर्वत पर सीजन की पहली बर्फबारी, यात्रा पर रोक

पिथौरागढ़: उत्तराखंड के सीमांत जिले पिथौरागढ़ में मौसम ने अचानक करवट ली है। शुक्रवार दोपहर से जिले के कई इलाकों में बारिश का दौर जारी है। वहीं, उच्च हिमालयी क्षेत्र आदि कैलाश और ओम पर्वत में सीजन की पहली बर्फबारी हुई है। नाभीढांग, गुंजी और कुटी सहित 10 हजार फीट से अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में बारिश के साथ हल्की बर्फबारी दर्ज की गई।
नाभीढांग और गुंजी में रुक-रुककर हो रही बर्फबारी से तापमान में गिरावट आई है और ठंड बढ़ गई है। करीब 12,303 फीट की ऊंचाई पर स्थित कुटी गांव से भी आदि कैलाश की चोटियों और आसपास के पहाड़ों पर बर्फबारी की जानकारी सामने आई है।
मौसम में आए इस बदलाव को देखते हुए शनिवार को आदि कैलाश यात्रा पर रोक लगा दी गई है। धारचूला प्रशासन ने भी शनिवार को इनर लाइन परमिट जारी नहीं करने का फैसला लिया है। प्रशासन के मुताबिक 20 से 25 सितंबर के बीच अब तक 2,783 इनर लाइन परमिट जारी किए जा चुके हैं।
लगातार बारिश और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी के चलते सीमांत क्षेत्र में ठंड बढ़ गई है। धारचूला और आसपास के निचले इलाकों में भी शाम के समय बारिश तेज हुई। मौसम की स्थिति को देखते हुए पिथौरागढ़ जिले के स्कूलों में शनिवार को अवकाश घोषित किया गया है।