
सऊदी अरब पर हूती विद्रोहियों के हमले लगातार जारी हैं। गुरुवार को सऊदी एयर डिफेंस ने हूतियों की ओर से दागी गई छह बैलिस्टिक मिसाइलों को इंटरसेप्ट कर नष्ट करने का दावा किया। ये मिसाइलें ताइफ और यानबू क्षेत्र की ओर बढ़ रही थीं।
हूतियों ने इसके बाद रियाद और यानबू में सऊदी ठिकानों को निशाना बनाने का दावा किया। संगठन के सैन्य प्रवक्ता के मुताबिक हमलों में बैलिस्टिक और क्रूज मिसाइलों के साथ ड्रोन का भी इस्तेमाल किया गया। हालांकि, रियाद पर हमले के दावे की तत्काल सऊदी अधिकारियों की ओर से पुष्टि नहीं हुई।
वहीं, शनिवार को भी सऊदी अरब की ओर बढ़ रहे दो बैलिस्टिक मिसाइलों और दो ड्रोन को इंटरसेप्ट किए जाने की जानकारी सामने आई। मिसाइलें खमीस मुशैत और ड्रोन रियाद की ओर बढ़ रहे थे।लगातार हो रहे इन हमलों के बीच सऊदी अरब, पाकिस्तान और तुर्किये के सैन्य अधिकारियों ने क्षेत्र की सुरक्षा स्थिति पर चर्चा की है।