DehradunUttrakhand

कारगी कूड़ा ट्रांसफर स्टेशन पर नगर आयुक्त सख्त, 30 सितंबर तक मशीनें ठीक कर हैंडओवर का दिया अल्टीमेटम

देहरादून।शनिवार को नगर निगम देहरादून में नगर आयुक्त आलोक कुमार पांडेय ने अधिकारियों के साथ बैठक कर कारगी स्थित मैकेनाइज्ड कूड़ा ट्रांसफर स्टेशन की व्यवस्थाओं की समीक्षा की। उन्होंने स्मार्ट सिटी पीआईयू सेल को बंद पड़ी मशीनों की मरम्मत कर 30 सितंबर तक स्टेशन को नगर निगम को हैंडओवर करने के सख्त निर्देश दिए।

इस मौके पर नगर आयुक्त आलोक कुमार पांडेय ने कहा कि कारगी मैकेनाइज्ड कूड़ा ट्रांसफर स्टेशन लंबे समय से अपेक्षित रूप से संचालित नहीं हो पा रहा है। यहां कूड़े से कैप्सूल बनाने की प्रक्रिया भी लंबे समय से बंद है। मशीनों के बंद रहने के कारण नगर निगम को कारगी में एकत्र होने वाले कूड़े को अन्य स्थानों तक वाहनों के माध्यम से भेजना पड़ रहा है। इससे निगम के वाहनों के फेरे बढ़ने के साथ ही समय और संसाधनों की भी अतिरिक्त खपत हो रही है।

आदेश में स्मार्ट सिटी पीआईयू सेल को मशीनों की तकनीकी स्थिति का परीक्षण कराने, आवश्यक मरम्मत कार्य तत्काल पूरा कराने और स्टेशन को नगर निगम को विधिवत हैंडओवर करने की प्रक्रिया निर्धारित समयसीमा में पूरी करने को कहा गया है। नगर आयुक्त ने स्पष्ट किया कि तय समयसीमा में कार्य पूरा नहीं होने या लापरवाही पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को प्रगति की नियमित समीक्षा करने के भी निर्देश दिए। नगर आयुक्त ने बताया कि यदि स्मार्ट सिटी और कम्पनी के स्तर से तत्काल प्रभाव से दिशा निर्देशों का पालन नहीं किया गया तो निगम जल्द अपने स्तर से आगे कूड़ा प्रबन्धन का कार्य करेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!