DehradunUttrakhand

हरिद्वार में शादी का झांसा देकर युवती से दुष्कर्म, धर्मांतरण का दबाव और बंधक बनाने का मामला दर्ज

मध्य प्रदेश की पीड़िता ने दर्ज कराई शिकायत, फर्जी सोशल मीडिया पहचान के जरिए जाल में फंसाने और तीन दिनों तक प्रताड़ित करने का आरोप

देहरादून: उत्तराखंड के हरिद्वार जिले से एक गंभीर मामला सामने आया है, जहां मध्य प्रदेश की रहने वाली एक युवती के साथ धोखा, दुष्कर्म और जबरन धर्म परिवर्तन के प्रयास का आरोप लगा है। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

मिली जानकारी के अनुसार, पीड़िता की मुलाकात करीब चार साल पहले सोशल मीडिया के जरिए एक युवक से हुई थी। आरोप है कि युवक ने शुरुआत में अपनी असली पहचान छिपाकर फर्जी नाम से आईडी बनाई थी और युवती को अपने प्रेमजाल में फंसाया। काफी समय तक बातचीत के बाद दोनों के बीच शादी करने की बात तय हुई, जिसके बाद सितंबर 2026 में युवती अपने घर से हरिद्वार के लिए निकली।

पीड़िता का आरोप है कि दिल्ली रेलवे स्टेशन पर युवक उसे मिला और हरिद्वार स्थित अपने एक ठिकाने पर ले गया। वहां पहुंचने के बाद युवक ने अपनी वास्तविक पहचान उजागर की और शादी करने के लिए युवती पर धर्म बदलने का दबाव बनाया। जब युवती ने धर्म परिवर्तन से साफ इनकार कर दिया, तो उसके साथ जबरन शारीरिक संबंध बनाए गए।

शिकायत के मुताबिक, इसके बाद युवती को एक कमरे में बंद कर तीन दिनों तक भूखा-प्यासा रखा गया और प्रताड़ित किया गया। इस दौरान प्रताड़ना के चलते युवती की तबीयत बिगड़ गई और वह बेहोश हो गई। होश में आने के बाद पीड़िता ने किसी तरह साहस जुटाकर अपने परिजनों से संपर्क किया और घटना की जानकारी दी।

सूचना मिलते ही पीड़िता के परिजन पहुंचे और उसे लेकर थाने गए। पीड़िता की तहरीर के आधार पर पुलिस ने संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर लिया है और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!