रुड़की में बड़ा हादसा: धनोरी में कॉलेज भवन का हिस्सा ढहने से मलबे में दबा PAC जवान, रेस्क्यू जारी
पिरान कलियर क्षेत्र के अमृत लॉ कॉलेज में ठहरी थी PAC की प्लाटून; पुलिस और प्रशासन की टीम राहत कार्य में जुटी

रुड़की: उत्तराखंड के हरिद्वार जिले से एक बड़े हादसे की खबर सामने आई है। रुड़की के पिरान कलियर थाना क्षेत्र अंतर्गत धनोरी में स्थित अमृत लॉ कॉलेज परिसर की एक इमारत का हिस्सा सोमवार को अचानक भरभराकर गिर गया। इस हादसे में वहां ठहरी प्रांतीय सशस्त्र बल (PAC) की प्लाटून का एक जवान मलबे के नीचे दब गया। अचानक इमारत ढहने से परिसर में हड़कंप मच गया और वहां मौजूद अन्य जवानों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
मिली जानकारी के अनुसार, लॉ कॉलेज परिसर में पीएसी की एक टुकड़ी अस्थायी रूप से ठहरी हुई थी। सोमवार को अचानक भवन के शौचालय के पास बना एक हिस्सा ढह गया, जिसकी चपेट में एक जवान आ गया। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पिरान कलियर थाना पुलिस की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और बिना समय गंवाए मलबा हटाने का काम शुरू कर दिया।
फिलहाल पुलिस और पीएसी के जवान संयुक्त रूप से मलबे को हटाकर फंसे हुए जवान को सुरक्षित बाहर निकालने की कोशिशों में जुटे हुए हैं। यह हादसा भवन की जर्जर स्थिति के कारण हुआ या इसके पीछे कोई अन्य वजह थी, इस संबंध में जांच की जा रही है।