DehradunUttrakhand

नशा मुक्त भारत अभियान: चकराता और कालसी में रैली व नुक्कड़ नाटकों से दिया नशे के खिलाफ कड़ा संदेश

अटल उत्कृष्ट राजकीय इंटर कॉलेज कालसी व स्थानीय छात्रों ने निकाली जागरूकता रैली; गुलाब सिंह चौक पर नुक्कड़ नाटक के माध्यम से युवाओं को किया प्रेरित

चकराता: सामाजिक न्याय और अधिकारिता मंत्रालय (भारत सरकार), समाज कल्याण विभाग उत्तराखंड तथा उत्तराखंड राज्य बाल कल्याण परिषद देहरादून के तत्वावधान में ‘नशा मुक्त भारत अभियान’ के तहत चकराता और कालसी क्षेत्र में व्यापक जन-जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य युवाओं, बच्चों और आम जनमानस को नशे के दुष्प्रभावों से बचाना तथा नशे के आदी व्यक्तियों को उपचार व पुनर्वास की सुविधा उपलब्ध कराकर एक सुरक्षित और समृद्ध समाज का निर्माण करना है।

इसी क्रम में कोतवाली चकराता पुलिस, छावनी परिषद चकराता, अटल उत्कृष्ट राजकीय इंटर कॉलेज कालसी देहरादून और कैंट स्कूल चकराता के छात्र-छात्राओं, अध्यापकों व स्थानीय लोगों ने बढ़-चढ़कर प्रतिभाग किया। अभियान के तहत चकराता बाजार में विशाल जन-जागरूकता रैली निकाली गई तथा मुख्य गुलाब सिंह चौक पर विशेष कार्यक्रम का आयोजन कर आम जन को नशे के प्रति जागरूक किया गया।

कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं द्वारा एक प्रभावशाली नुक्कड़ नाटक ‘एक गलत कदम एवं बिखरता परिवार’ का मंचन किया गया। शिक्षक शूरवीर चौहान द्वारा रचित तथा प्रधानाचार्य वेद प्रकाश वशिष्ठ व वरिष्ठ अध्यापिका पूर्णिमा राणा के निर्देशन में आयोजित इस नाटक में युवाओं को शराब एवं धूम्रपान से दूर रहने की सलाह दी गई। प्रवक्ता जयेंद्र कुमार और विद्यालय टीम के सहयोग से प्रस्तुत इस नाटक के माध्यम से माता-पिता के सपनों को साकार करने तथा नशे से परिवार में होने वाले बिखराव के प्रति लोगों को सचेत किया गया।

इसके अलावा उत्तराखंड राज्य बाल कल्याण परिषद के सौजन्य से ‘संभव मंच परिवार’ देहरादून द्वारा चकराता बाजार और गुलाब सिंह चौक पर नुक्कड़ नाटक की प्रस्तुति दी गई। अभिषेक मैदोला के लेखन व निर्देशन में आयोजित इस नाटक में कुसुम पंत, राहत खान, हेमा पंत, सुधीर कुमार और अंकिता जैसे कलाकारों ने अपने जीवंत अभिनय से स्थानीय लोगों को नशे के खिलाफ संगठित होने का संदेश दिया।

कार्यक्रम में उत्तराखंड राज्य बाल कल्याण परिषद की अध्यक्ष/महासचिव आशा रानी पैन्यूली एवं अन्य वक्ताओं ने युवाओं को नशे से दूर रहकर एक स्वस्थ और समृद्ध उत्तराखंड के निर्माण में योगदान देने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर सुनील जोशी, ज्योत्स्ना खत्री, किरण खंडूरी, विजयलक्ष्मी रावत, महेश चंद्र नैथानी, रमेश खत्री सहित विद्यालयों के प्रधानाचार्य, शिक्षक, पुलिस बल और छावनी परिषद के कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!