चुनावी साल में धामी सरकार का बड़ा कदम, 12 अक्टूबर को हरिद्वार में होगी कैबिनेट बैठक
चुनावी साल में धामी सरकार का बड़ा कदम,
उत्तराखंड में 2027 विधानसभा चुनाव से पहले मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की सरकार एक बार फिर राजधानी देहरादून से बाहर कैबिनेट बैठक करने जा रही है। चंपावत के बाद अब 12 अक्टूबर को सुबह 11 बजे हरिद्वार के सीसीआर भवन में मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में बैठक प्रस्तावित है।

इस बैठक में सबसे अहम मुद्दा आगामी विधानसभा सत्र की तारीख तय करना माना जा रहा है। सरकार गैरसैंण में 21 से 24 अक्टूबर के बीच विधानसभा सत्र आयोजित करने की तैयारी में है। हालांकि, अंतिम निर्णय कैबिनेट की बैठक में लिया जाएगा।

हरिद्वार में कैबिनेट बैठक को राजनीतिक दृष्टि से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। चंपावत में बैठक के जरिए पर्वतीय और सीमांत क्षेत्रों पर ध्यान देने के बाद अब हरिद्वार में कैबिनेट बुलाकर मैदानी क्षेत्रों को भी महत्व देने का संदेश दिया जा सकता है।
हरिद्वार धार्मिक पर्यटन, औद्योगिक विकास, रोजगार, प्रदूषण और बुनियादी सुविधाओं के लिहाज से अहम जिला है। ऐसे में यहां कैबिनेट बैठक आयोजित करना स्थानीय मुद्दों को सरकार के सामने रखने का अवसर भी माना जा रहा है।
चंपावत में कैबिनेट बैठक, हरिद्वार में अगली बैठक और गैरसैंण में प्रस्तावित विधानसभा सत्र को चुनाव से पहले राज्य के पर्वतीय और मैदानी क्षेत्रों के बीच राजनीतिक संतुलन साधने की रणनीति के तौर पर देखा जा रहा है।