हरबर्टपुर में नशामुक्त भारत अभियान की गूंज, एक हजार से अधिक विद्यार्थियों ने रैली निकालकर दिया जागरूकता का संदेश

गुरुवार को हरबर्टपुर स्थित पीएम श्री राजकीय इंटर कॉलेज में ‘नशा मुक्त भारत अभियान’ के तहत एक भव्य जन-जागरूकता कार्यशाला और विशाल रैली का आयोजन किया गया। इस महाअभियान में विद्यालय के एक हज़ार से अधिक छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ करते हुए विद्यालय के प्रधानाचार्य अवनिन्द्र बड़थ्वाल ने अतिथियों का स्वागत किया। उन्होंने नशे को युवा पीढ़ी और देश के भविष्य के लिए गंभीर चुनौती बताते हुए विद्यार्थियों से खुद नशे से दूर रहने और समाज को जागरूक करने का आह्वान किया।
कार्यशाला के दौरान विद्यार्थियों ने नशे के दुष्परिणामों पर आधारित एक बेहद मार्मिक नुक्कड़ नाटक पेश किया। नाटक के जरिए प्रभावशाली ढंग से दिखाया गया कि किस तरह नशा केवल एक व्यक्ति के स्वास्थ्य और शिक्षा को ही नहीं छीनता, बल्कि पूरे परिवार की आर्थिक नींव और सामाजिक खुशियों को तबाह कर देता है।
मंच से संबोधित करते हुए राज्य बाल कल्याण परिषद के उपाध्यक्ष व वरिष्ठ राज्य आंदोलनकारी मोहन सिंह खत्री तथा महासचिव आशा रानी पैन्यूली ने कहा कि युवा पीढ़ी को इस दलदल से बचाने के लिए परिवार, स्कूल और समाज तीनों को एक साथ मिलकर आगे आना होगा। उन्होंने विद्यार्थियों से अपील की कि वे स्वयं इस अभियान के दूत बनें और घर-घर तक यह संदेश पहुंचाएं।
कार्यक्रम में अभियान के प्रभारी सुनील जोशी, संयुक्त सचिव ज्योत्सना खत्री, आनंद मणि सेमवाल, रमेश खत्री, किरण खंडूड़ी और विजय लक्ष्मी रावत सहित कई सामाजिक कार्यकर्ता व शिक्षक-शिक्षिकाएं मौजूद रहीं। कार्यशाला के बाद हरबर्टपुर क्षेत्र में एक विशाल जन-जागरूकता रैली निकाली गई। हाथों में तख्तियां लिए सैकड़ों विद्यार्थियों ने गगनभेदी नारों के जरिए आमजन को नशे के खिलाफ एकजुट होने का कड़ा संदेश दिया।
सामाजिक न्याय मंत्रालय और जिला समाज कल्याण विभाग के सहयोग से उत्तराखंड राज्य बाल कल्याण परिषद द्वारा संचालित इस अभियान ने पूरे हरबर्टपुर में एक ही संकल्प गूंजा दिया—”नशे को ना, जीवन को हाँ — नशामुक्त युवा, स्वस्थ समाज और विकसित भारत!”