Uttrakhandहरिद्वार

हरिद्वार में लूट का फरार आरोपी गिरफ्तार, देहरादून में महिला के अपहरण की कोशिश से भी जुड़े तार

 सिडकुल थाना क्षेत्र में तमंचे के बल पर बाइक और मोबाइल लूटने के मामले में फरार चल रहे पांच हजार रुपये के इनामी आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान आदित्य वशिष्ठ उर्फ पंडित (21), निवासी औरंगाबाद, थाना सिडकुल, हरिद्वार के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके कब्जे से वारदात में इस्तेमाल मोटरसाइकिल, एक तमंचा और जिंदा कारतूस बरामद किया है। मामले में तीन अन्य आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है।

पुलिस के अनुसार, घटना की कड़ियां देहरादून में महिला के अपहरण के प्रयास से भी जुड़ी हैं। बीती 23 सितंबर को रायपुर थाना क्षेत्र में सुषमा वर्मा नाम की महिला का दिनदहाड़े अपहरण करने की कोशिश की गई थी। हालांकि, आरोपी अपने इरादे में कामयाब नहीं हो सके। पुलिस की कार्रवाई का दबाव बढ़ने पर आरोपियों के हरिद्वार पहुंचने की बात सामने आई है।

इसके अगले दिन 24 सितंबर को आरोपियों ने सिडकुल क्षेत्र में रौ नदी के पास बाइक सवार पंकज को निशाना बनाया। बताया गया कि शराब पीने के बाद पैसे खत्म होने पर उन्होंने तमंचा दिखाकर उसकी मोटरसाइकिल और मोबाइल फोन लूट लिया। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की।

जांच के दौरान पुलिस ने दीपक, आकाश उर्फ पहाड़ी और सुशांत झड़ियाल उर्फ लक्की को गिरफ्तार कर लिया था, जबकि आदित्य लगातार ठिकाने बदलकर गिरफ्तारी से बच रहा था। आखिरकार पुलिस ने उसे औरंगाबाद से डालूवाला मजबता की ओर जाने वाले मार्ग पर पुल के पास से पकड़ लिया।

उधर, देहरादून में अपहरण के प्रयास के मामले में गिरफ्तार 19 वर्षीय युवती ने पूछताछ के दौरान बताया था कि कारोबारी विवाद के चलते महिला को सबक सिखाने की योजना बनाई गई थी। पुलिस अब दोनों मामलों से जुड़े तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।

एसपी सिटी हरिद्वार दीपक सिंह के मुताबिक, फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए टीमें लगाई गई थीं। अब मामले में शामिल चारों आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!