Dehradun

रेखा आर्या प्रकरण में एसआईटी की जांच तेज, गिरधारी लाल साहू के करीबियों से पूछताछ

देहरादून। कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या की शिकायत से जुड़े मामले में विशेष जांच दल (एसआईटी) ने जांच का दायरा बढ़ा दिया है। टीम बरेली, हल्द्वानी और दिल्ली में दबिश देने के साथ ही गिरधारी लाल साहू के करीबियों से पूछताछ कर रही है। जांच में कारोबारी गतिविधियों, कंपनियों के दस्तावेजों और कथित वित्तीय अनियमितताओं से जुड़े पहलुओं पर जानकारी जुटाई जा रही है।

एसआईटी अलग-अलग स्थानों से मिले तथ्यों और संबंधित लोगों के बयानों के आधार पर मामले की कड़ियां जोड़ने में जुटी है। जांच टीम उन आरोपों की भी पड़ताल कर रही है, जिनमें कंपनियों से जुड़े पदों और दस्तावेजों में कथित हेरफेर की बात कही गई है।

जांच के दौरान कंपनी के मूल रिकॉर्ड, हस्ताक्षर, वित्तीय लेनदेन और डिजिटल साक्ष्यों की जांच की जा रही है। टीम उपलब्ध दस्तावेजों का मिलान संबंधित व्यक्तियों से मिली जानकारी के साथ कर रही है, ताकि कथित बदलावों की परिस्थितियों का पता लगाया जा सके।

ऑडियो रिकॉर्डिंग की होगी फॉरेंसिक जांच

मामले में एसआईटी मंत्री रेखा आर्या के बयान दर्ज कर चुकी है। मंत्री ने जांच टीम को एक ऑडियो रिकॉर्डिंग भी सौंपी है। दावा किया गया है कि इसमें रेखा आर्या और उनके नाबालिग बच्चों को नुकसान पहुंचाने की कथित साजिश से जुड़ी बातचीत है।

दूसरी ओर, गिरधारी लाल साहू इस रिकॉर्डिंग को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) से तैयार की गई फर्जी ऑडियो बता चुके हैं। ऐसे में रिकॉर्डिंग की सत्यता और उसमें मौजूद आवाजों की पहचान महत्वपूर्ण होगी। एसआईटी इसकी प्रामाणिकता जांचने के लिए फॉरेंसिक प्रक्रिया आगे बढ़ा रही है। रिपोर्ट आने के बाद ही इस संबंध में स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

एसआईटी प्रभारी एवं एसपी देहात जया बालोनी के अनुसार, फिलहाल बयानों, दस्तावेजों, डिजिटल साक्ष्यों और पूछताछ से मिली जानकारियों का मिलान किया जा रहा है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों और फॉरेंसिक रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई तय की जाएगी। फिलहाल मामले में जांच जारी है और आरोपों की पुष्टि होना बाकी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!