दलेर मेहंदी विवाद: माफी मांगने की खबरों को कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने किया खारिज, सिंगर को दी दो टूक

गैरसैंण: प्रसिद्ध गायक दलेर मेहंदी और उत्तराखंड के कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल के बीच उपजे विवाद को लेकर सोशल मीडिया पर चल रही माफी की खबरों पर खुद मंत्री ने विराम लगा दिया है। गैरसैंण में विधानसभा सत्र में हिस्सा लेने पहुंचे सुबोध उनियाल ने स्पष्ट शब्दों में कहा है कि उन्होंने किसी से कोई माफी नहीं मांगी है और इस तरह की तमाम खबरें पूरी तरह बेबुनियाद हैं।
मीडिया से बातचीत करते हुए कैबिनेट मंत्री ने दो टूक अंदाज में कहा, “मुझे किस बात की माफी मांगनी चाहिए? इस मामले में मेरी किसी से कोई बातचीत नहीं हुई है और माफी मांगने का तो प्रश्न ही पैदा नहीं होता।” उन्होंने अपनी बात दोहराते हुए कहा कि यदि कार्यक्रम के दौरान दलेर मेहंदी की तबीयत ठीक नहीं थी, तो उन्हें इस बारे में पहले जानकारी देनी चाहिए थी, लेकिन ऐसा नहीं किया गया।
बता दें कि पिछले कुछ दिनों से सोशल मीडिया पर यह दावा किया जा रहा था कि मंत्री सुबोध उनियाल ने इस विवाद के बाद दलेर मेहंदी से माफी मांग ली है, जिससे मामला शांत हो गया है। हालांकि, अब मंत्री के इस ताजा बयान के बाद साफ हो गया है कि इस मुद्दे पर स्थिति अभी स्पष्ट नहीं हुई है और सोशल मीडिया पर चल रही माफी की चर्चाएं महज अफवाह साबित हुई हैं। इस पूरे प्रकरण को लेकर राजनीतिक गलियारों में भी चर्चाओं का बाजार गर्म है।