DehradunUttrakhand

त्योहारी सीजन में स्वच्छ वायु और बेहतर वायु गुणवत्ता के लिए नगर निगम का जन-जागरूकता अभियान, महापौर सौरभ थपलियाल और नगर आयुक्त आलोक कुमार पांडेय के निर्देशन में संचालित हो रहीं विभिन्न गतिविधियां

देहरादून: त्योहारी सीजन के दौरान वायु प्रदूषण पर नियंत्रण और शहर की वायु गुणवत्ता में सुधार लाने के उद्देश्य से नगर निगम देहरादून द्वारा राष्ट्रीय स्वच्छ वायु कार्यक्रम (एनसीएपी) के अंतर्गत व्यापक जन-जागरूकता अभियान संचालित किया जा रहा है। महापौर सौरभ थपलियाल के मार्गदर्शन एवं नगर आयुक्त आलोक कुमार पांडेय के निर्देशन में शहर के विभिन्न क्षेत्रों में जन-जागरूकता रैली, साइकिल रैली, नुक्कड़ नाटक सहित विभिन्न जागरूकता गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है।

अभियान के माध्यम से नागरिकों को वायु प्रदूषण के दुष्प्रभावों और इसकी रोकथाम के उपायों के प्रति जागरूक किया जा रहा है। महापौर सौरभ थपलियाल ने स्वच्छ एवं स्वस्थ देहरादून के निर्माण में जनसहभागिता को महत्वपूर्ण बताते हुए नागरिकों से पर्यावरण संरक्षण की दिशा में अपनी जिम्मेदारी निभाने की अपील की है। वहीं, नगर आयुक्त आलोक कुमार पांडेय ने अभियान के तहत जन-जागरूकता गतिविधियों को प्रभावी ढंग से संचालित करने और अधिक से अधिक नागरिकों को इससे जोड़ने पर जोर दिया है।

नगर निगम द्वारा नागरिकों को छोटी दूरी के लिए निजी वाहनों के स्थान पर साइकिल अथवा पैदल चलने, वाहनों का अनावश्यक उपयोग नहीं करने, कूड़ा एवं अन्य अपशिष्ट खुले में नहीं जलाने, कचरे का उचित पृथक्करण एवं निस्तारण करने तथा पटाखों का सीमित और जिम्मेदारीपूर्वक उपयोग करने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। इसके साथ ही निर्माण एवं विध्वंस कार्यों के दौरान धूल नियंत्रण के उपाय अपनाने और अपने आसपास स्वच्छता बनाए रखने के प्रति भी जागरूक किया जा रहा है।

 

नुक्कड़ नाटकों और संवादात्मक कार्यक्रमों के माध्यम से आमजन को यह संदेश दिया जा रहा है कि दैनिक जीवन में छोटे-छोटे बदलाव अपनाकर वायु प्रदूषण को कम करने और वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) में सुधार लाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया जा सकता है।

नगर निगम का उद्देश्य जनसहभागिता के माध्यम से वायु प्रदूषण नियंत्रण के प्रयासों को जनआंदोलन का रूप देना है। नगर निगम देहरादून ने नागरिकों से अपील की है कि वे अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाएं और स्वच्छ, स्वस्थ एवं प्रदूषणमुक्त देहरादून के निर्माण में अपना सहयोग प्रदान करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!