Jammu & Kashmir

कुलगाम मुठभेड़ में लश्कर कमांडर ढेर, मौत से पहले का वीडियो चर्चा में

जम्मू-कश्मीर के कुलगाम में आतंकवादियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के दौरान सुरक्षाबलों को बड़ी कामयाबी मिली है। जानागलपोरा इलाके में एक मस्जिद के भीतर छिपे लश्कर-ए-तैयबा के कमांडर लतीफ भट को सुरक्षाबलों ने घेर लिया। इस दौरान जवानों ने उसे कई बार आत्मसमर्पण करने के लिए समझाया, लेकिन उसने हथियार डालने से इनकार कर दिया। आखिरकार मुठभेड़ में वह मारा गया। इस पूरे घटनाक्रम के बीच आतंकी और सुरक्षाबलों के जवानों के बीच हुई बातचीत का एक वीडियो भी सामने आया है, जो चर्चा में है।

    कुलगाम मुठभेड़ में लश्कर कमांडर ढेर, मौत से पहले का वीडियो चर्चा मेंकुलगाम मुठभेड़ में लश्कर कमांडर ढेर, मौत से पहले का वीडियो चर्चा में

सरेंडर की अपील पर भी नहीं बदला आतंकी का फैसला

सामने आए वीडियो में सुरक्षाबलों के जवान मस्जिद के भीतर मौजूद लतीफ भट से बातचीत करते हुए उसे आत्मसमर्पण करने के लिए कहते सुनाई दे रहे हैं। जवान उसे समझाते हैं कि वह बेवजह अपनी जान जोखिम में न डाले और हथियार छोड़कर बाहर आ जाए। एक जवान उसे भरोसा दिलाते हुए कहता है कि वह खुद उसके पास आने को तैयार है। हालांकि, लतीफ किसी भी तरह सरेंडर करने के लिए राजी नहीं होता।

आखिरी बातचीत में कही ये बात

वीडियो में लतीफ पहले अरबी में एक धार्मिक वाक्य बोलता है। इसके बाद वह कहता सुनाई देता है, “मैं निकला हूं, मुझे अल्लाह से मुलाकात करनी है। मैं बहुत खुश हूं। अल्लाह को देखूंगा, अल्लाह के रसूल नबी को देखूंगा। अल्लाह हू अकबर।”

वहीं, सुरक्षाबलों का जवान उसे ‘लतीफ भाई’ कहकर संबोधित करता है और समझाने की कोशिश करता है कि वह आत्मसमर्पण कर दे। इसके जवाब में आतंकी कहता है कि उसके साथ केवल अल्लाह है और वही उसके लिए काफी है।

मुठभेड़ में मारा गया लश्कर कमांडर

जवानों की लगातार अपील के बावजूद लतीफ भट ने आत्मसमर्पण नहीं किया। इसके बाद सुरक्षाबलों और आतंकवादी के बीच मुठभेड़ हुई, जिसमें लतीफ भट मारा गया। उसकी पहचान लश्कर-ए-तैयबा के कमांडर के रूप में हुई है। सुरक्षाबलों की इस कार्रवाई को इलाके में सक्रिय आतंकी नेटवर्क के खिलाफ एक अहम सफलता माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!