Uttrakhandउत्तराखंड

मोरी में 19 साल में 450 से अधिक मकान आग की भेंट चढ़े, लकड़ी के घर बन रहे बड़ी वजह

उत्तरकाशी: उत्तराखंड के मोरी तहसील के दूरस्थ गांवों में अग्निकांड की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। मंगलवार को पवाणी गांव में लगी भीषण आग से 33 आवासीय भवन जलकर राख हो गए, जिससे 58 परिवार प्रभावित हुए हैं। एक पंचायत भवन और प्राथमिक विद्यालय को भी नुकसान पहुंचा है। राहत की बात यह है कि हादसे में अब तक किसी जनहानि या पशुहानि की सूचना नहीं है। पिछले 19 वर्षों में मोरी क्षेत्र में 450 से अधिक मकान आग की भेंट चढ़ चुके हैं।

19 साल में तीन लोगों की जिंदा जलने से मौत

मोरी तहसील में अग्निकांड का इतिहास बेहद डरावना रहा है। पिछले 19 वर्षों में आग की घटनाओं में तीन ग्रामीणों की जिंदा जलने से मौत हो चुकी है, जबकि सैकड़ों मवेशी भी जान गंवा चुके हैं। क्षेत्र में बार-बार आग लगने की एक बड़ी वजह पारंपरिक लकड़ी के मकान हैं। यहां करीब 90 प्रतिशत गांवों में देवदार और कैल की लकड़ी से बने भवन हैं। लकड़ी के कारण आग तेजी से फैलती है और कई बार आसपास के मकानों को भी अपनी चपेट में ले लेती है। संकरी गलियां और अग्निशमन संसाधनों की कमी भी आग बुझाने में मुश्किल पैदा करती है।

पांच गांवों के लगभग सभी मकान जल चुके

मोरी क्षेत्र में लंबे समय से काम कर रही तरुण पर्यावरण विज्ञान संस्था के अध्यक्ष नागेंद्र दत्त के अनुसार, क्षेत्र के कई गांवों में 80 से 100 मकान हैं। पिछले 19 वर्षों के आंकड़े बताते हैं कि पांच गांवों के लगभग सभी मकान अग्निकांड की भेंट चढ़ चुके हैं। ऐसे हादसों से बचाव के लिए ग्रामीणों को सतर्क रहने के साथ प्रशासन को भी ठोस कार्ययोजना तैयार करनी होगी।

साल-दर-साल आग में स्वाहा होते रहे गांव

मोरी तहसील में वर्ष 2006 में ढाटमीर गांव में 120 भवन जल गए थे। 2007 में ओसला में 53 और 2008 में जखोल में 44 भवन आग की चपेट में आए। वर्ष 2009 में सिदरी गांव में 25 भवन जलने के साथ पिता-पुत्री की जिंदा जलकर मौत हो गई थी। वर्ष 2013 में सुनकंडी में 22, 2014 में जखोल में 16 और 2018 में सावणी गांव में 29 भवन जलकर राख हुए थे। वर्ष 2018 की घटना में करीब 100 मवेशियों की भी मौत हुई थी।

इसके बाद 2020 में मसरी गांव में 28, 2022 में गंगाड़ में दो और 2024 में सालरा गांव में 14 भवन आग की भेंट चढ़े। वर्ष 2025 में सावणी गांव में नौ भवन और पांच अन्न के कोठार जल गए थे। इस घटना में एक महिला और चार मवेशियों की मौत हुई थी। अब 2026 में पवाणी गांव में 33 भवन जलने की घटना ने एक बार फिर सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

आग से बचाव के इंतजाम मजबूत करने की जरूरत

लगातार हो रहे अग्निकांड के बावजूद मोरी के दूरस्थ गांवों में आग से बचाव के पुख्ता इंतजाम नहीं हो पाए हैं। जरूरत है कि गांवों में अग्निशमन उपकरण, पर्याप्त जल स्रोत, जागरूकता अभियान और आपातकालीन प्रतिक्रिया व्यवस्था मजबूत की जाए, ताकि भविष्य में ग्रामीणों को इस तरह अपने आशियाने न गंवाने पड़ें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!