DelhiINDIA

कोहरे का कहर रोकने की तैयारी, यमुना एक्सप्रेसवे पर 100 की जगह 75 KM प्रति घंटे होगी रफ्तार

नोएडा: सर्दियों में कोहरे के चलते सड़क हादसों की आशंका को देखते हुए यमुना एक्सप्रेसवे पर वाहनों की गति सीमा घटा दी गई है। अब वाहन चालक 100 किलोमीटर प्रति घंटे के बजाय अधिकतम 75 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से ही वाहन चला सकेंगे। नई व्यवस्था 25 नवंबर 2026 से 15 फरवरी 2027 तक लागू रहेगी।

डीसीपी ट्रैफिक सैय्यद अब्बास अली के मुताबिक, कोहरे के दौरान कम दृश्यता सड़क हादसों की बड़ी वजह बनती है। ऐसे में वाहन चालकों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यह फैसला लिया गया है। इसके साथ ही एक्सप्रेसवे पर सड़क सुरक्षा के इंतजाम भी बढ़ाए जा रहे हैं।

यात्रियों को सतर्क करने के लिए एक्सप्रेसवे के एंट्री-एग्जिट पॉइंट, टोल प्लाजा और रोड साइड सुविधाओं पर जागरूकता संबंधी डिस्प्ले बोर्ड लगाए जाएंगे। टोल प्लाजा पर पीए सिस्टम से लगातार अनाउंसमेंट होगा और रेडियो एफएम के जरिए भी सुरक्षित ड्राइविंग का संदेश दिया जाएगा। वाहन चालकों को पंपलेट बांटकर भी जागरूक किया जाएगा।

वहीं, वीकेंड और सार्वजनिक छुट्टियों के दौरान बढ़ने वाले ट्रैफिक को देखते हुए टोल प्लाजा पर अतिरिक्त व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि वाहनों की लंबी कतारें न लगें।

यातायात पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि कोहरे में निर्धारित गति सीमा का पालन करें, वाहनों के बीच पर्याप्त दूरी रखें और जल्दबाजी में ओवरटेक करने से बचें। लापरवाही के बजाय सावधानी बरतकर ही हादसों से बचा जा सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!