स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर नगर निगम पर आयोजित होगा भव्य कवि सम्मेलन

देहरादून। स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर शुक्रवार को संस्कृति निदेशालय, उत्तराखंड एवं नगर निगम देहरादून के संयुक्त तत्वावधान में भव्य कवि सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। नगर निगम के जुगमन्दर हॉल में होने वाले इस कार्यक्रम में देशभक्ति, राष्ट्रप्रेम, राष्ट्रीय एकता और सामाजिक सरोकारों से जुड़ी रचनाओं का काव्य-पाठ किया जाएगा।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के तौर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी उपस्थित रहेंगे जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता खजान दास (अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री ) करेंगे। वही सतपाल महाराज(पर्यटन मंत्री ), गणेश जोशी(कृषि मंत्री ), सुबोध उनियाल(वन मंत्री, चिकित्सा स्वास्थ्य मंत्री)एवं राम सिंह कैड़ा (शहरी विकास मंत्री ) विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे।

कवि सम्मेलन में गौरव चौहान, विनीत चौहान, डॉ. शिखा दीप्ति, डॉ. राजीव राज, डॉ. अनिल चौबे, सुनीता चौहान, हेमंत बिष्ट, हेमवती नंदन भट्ट, मोहन बिष्ट ‘मुंतज़िर’ और श्रीकांत शर्मा काव्य-पाठ करेंगे। कार्यक्रम में वीर रस, श्रृंगार, हास्य और गीतों के साथ जौनसारी, कुमाउनी एवं गढ़वाली भाषा की रचनाएं भी प्रस्तुत की जाएगी।
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर विभाजन की विभीषिका और उससे जुड़ी ऐतिहासिक स्मृतियों को दर्शाती विशेष फोटो प्रदर्शनी भी आयोजित होगी। दून लाइब्रेरी एवं शोध केंद्र में तीन दिनों तक चलने वाली इस प्रदर्शनी में विभाजन के दौर की घटनाओं, संघर्ष, विस्थापन और मानवीय पीड़ा से जुड़ी ऐतिहासिक स्मृतियों को तस्वीरों के माध्यम से प्रदर्शित किया जाएगा