Uttrakhandचमोली

बदरीनाथ में सुबह-सुबह बड़ा हादसा, तप्त कुंड में दो महिला श्रद्धालुओं की गई जान

राजस्थान से चारधाम यात्रा पर आई थीं दोनों बुजुर्ग महिलाएं, स्नान के दौरान अचानक बिगड़ी तबीयत; मौत की वजह जानने में जुटी पुलिस।

चमोली: बदरीनाथ धाम में शुक्रवार सुबह तप्त कुंड में स्नान के दौरान दो बुजुर्ग महिला श्रद्धालुओं की मौत हो गई। घटना करीब पांच बजे की बताई जा रही है। दोनों महिलाएं राजस्थान से बदरीनाथ धाम में दर्शन के लिए पहुंची थीं।

जानकारी के अनुसार, दोनों महिलाएं तप्त कुंड में स्नान कर रही थीं। इसी दौरान वे अचानक बेहोश होकर कुंड में गिर गईं। आसपास मौजूद लोगों ने घटना की सूचना पुलिस और मंदिर प्रशासन को दी। सूचना मिलते ही संबंधित टीमें मौके पर पहुंचीं और दोनों को बचाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक उनकी हालत बेहद गंभीर हो चुकी थी।

मृतकों की पहचान 63 वर्षीय प्रेमा देवी पत्नी मदन और 71 वर्षीय रामू देवी पत्नी अमर के रूप में हुई है। दोनों राजस्थान की रहने वाली थीं। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी।

पुलिस घटना के कारणों की जांच कर रही है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि दोनों महिलाओं की मौत किस वजह से हुई। चिकित्सकीय जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सकेगी।

सुबह-सुबह हुई इस घटना के बाद बदरीनाथ धाम में मौजूद अन्य श्रद्धालुओं के बीच भी चिंता का माहौल देखा गया। प्रशासन की ओर से बुजुर्ग यात्रियों से ऊंचाई वाले क्षेत्रों में यात्रा के दौरान स्वास्थ्य और सुरक्षा को लेकर विशेष सतर्कता बरतने की अपील की जाती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!