सहसपुर में गुर्जर बस्ती में भीषण आग लगने से मची अफरा-तफरी
सहसपुर के इंद्राकॉलोनी मेदनीपुर में गुर्जर बस्ती में लगी भीषण आग, 6 घर जलकर राख, डेढ़ लाख की नकदी के साथ लाखों का सामान जला

सहसपुर थाना क्षेत्र के इंद्राकॉलोनी मेदनीपुर में स्थित गुर्जर के डेरों/घरों पर भीषण आग लग गई. जिससे लाखों का सामान जलकर स्वाहा हो गया. आग लगने की सूचना पर सहसपुर थाना और सभावाला चौकी पुलिस के साथ फायर सर्विस मौके पर पहुंची. जहां घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया, लेकिन आग से काफी नुकसान हो गया.जानकारी के मुताबिक, सहसपुर थाना क्षेत्र के इंद्राकॉलोनी मेदनीपुर के गुर्जर बस्ती में अचानक आग लग गई. घास फूस से बने कच्चे घरों में लगी आग ने थोड़ी ही देर में विकराल रूप ले लिया. ऐसे में करीब 6 घरों को आग की लपटों ने अपनी चपेट में लेकर पूरी तरह राख कर दिया. कच्चे मिट्टी और घास फूस से बने इन घरों में जीवन यापन करने के लिए रखा सारा सामान जलकर राख हो गया

इन कच्चे घरों के अलावा आसपास और भी घरों को आग की लपटों से भारी मशक्कत करने के बाद स्थानीय लोगों और फायर सर्विस की दो गाडियों ने बचा लिया. आग को बुझाने में काफी पसीने बहाने पड़े. आखिरकार अन्य घरों को नुकसान होने से भी बचा लिया गया. ये लोग मवेशियों को पालकर अपना जीवन बसर करते हैं, लेकिन आग ने सब स्वाहा कर दिया.
आग लगने की घटना में कोई जनहानि और पशुहानि नहीं हुई है, लेकिन आग लगने से 6 घरों मे रखा घरेलू सामान के अलावा करीब डेढ़ लाख की नकदी जलकर राख हो गई.”- मनमोहन सिंह, एसएसआई, सहसपुर थाना
क्या था आग लनेग का कारण?
एसएसआई मनमोहन सिंह ने बताया कि पूछताछ पता चला कि घरों के बडे़ लोग खेतों में गेहूं की कटाई के लिए गए थे. घरों पर छोटे बच्चे ही मौजूद थे. तभी एक घर की रसोई की चिंगारी सूखे घास फूस में लग गई. जिसके कारण आग फैल गई और अन्य घरों को भी अपनी चपेट में ले लिया