हरिद्वार में पुलिस की सतर्कता से टला संभावित बवाल, ड्रोन निगरानी में छतों पर मिला ईंट-पत्थरों का जखीरा, 9 लोगों पर कार्रवाई
गांव में मामूली विवाद के बाद बढ़ा तनाव, दोनों पक्षों ने एहतियात के तौर पर छतों पर जमा किए थे ईंट-पत्थर।

हरिद्वार के पथरी थाना क्षेत्र स्थित बोडाहेड़ी गांव में दो पक्षों के बीच मामूली विवाद ने तनाव का रूप ले लिया। घटना के बाद दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई, जिस पर पुलिस ने मुकदमे दर्ज कर जांच शुरू की।
तनावपूर्ण माहौल को देखते हुए पुलिस ने ऑपरेशन प्रहार के तहत ड्रोन से पूरे इलाके की निगरानी की। इस दौरान कई मकानों की छतों पर बड़ी मात्रा में ईंट और पत्थर जमा पाए गए। स्थिति की गंभीरता को समझते हुए पुलिस ने तुरंत कार्रवाई की।
संभावित विवाद को रोकने के लिए दोनों पक्षों के कुल 9 लोगों को शांतिभंग की आशंका में हिरासत में लेकर उनका चालान किया गया। साथ ही, सभी छतों से ईंट-पत्थर हटाने के निर्देश भी दिए गए।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि समय रहते की गई निगरानी और त्वरित कार्रवाई से किसी भी बड़ी अप्रिय घटना को टाल दिया गया। इलाके में शांति बनाए रखने के लिए पुलिस लगातार नजर बनाए हुए है।