पौड़ी गढ़वाल

कोटद्वार-पौड़ी हाईवे पर हादसा: भदालीखाल के पास खाई में गिरी बस, 30 यात्री थे सवार

पौड़ी गढ़वाल: कोटद्वार से पौड़ी-श्रीनगर जा रही गढ़वाल मोटर ओनर्स यूनियन (जीएमओयू) की बस बुधवार को भदालीखाल के पास अनियंत्रित होकर खाई में जा गिरी। हादसे के समय बस में चालक समेत करीब 30 यात्री सवार थे। बस के एक पेड़ से टकराकर रुकने से बड़ा हादसा टल गया। राहत की बात यह रही कि सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। हादसे में एक-दो यात्रियों को हल्की चोटें आने की सूचना है।

जानकारी के अनुसार, जीएमओयू की हिमगिरी बस बुधवार दोपहर करीब एक बजे कोटद्वार से पौड़ी-श्रीनगर के लिए रवाना हुई थी। बस को कोटद्वार निवासी अशोक ममगाईं चला रहे थे। दुगड्डा से आगे गुमखाल के बीच भदालीखाल के पास अचानक बस का प्रेशर पाइप फट गया। इसके कारण बस आगे नहीं बढ़ पाई।

बताया गया कि सड़क पर पीछे की ओर ढलान होने के कारण बस अनियंत्रित होकर पीछे खिसकने लगी। चालक संभाल पाता, इससे पहले ही बस सड़क के बाईं ओर स्थित खाई में जा गिरी। नीचे जाते समय बस एक पेड़ से टकरा गई, जिससे उसकी गति थम गई और यात्रियों को बड़ी राहत मिली।

पुलिस ने चलाया राहत एवं बचाव अभियान

हादसे की सूचना मिलते ही दुगड्डा चौकी, गुमखाल चौकी और कोतवाली लैंसडौन से पुलिस बल घटनास्थल पर पहुंचा। पुलिसकर्मियों ने तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया और बस में फंसे यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला।

अचानक हुए हादसे के बाद बस में सवार यात्रियों के बीच चीख-पुकार और अफरा-तफरी मच गई। हालांकि, बस के पेड़ से टकराकर रुकने और यात्रियों को समय रहते बाहर निकालने से स्थिति संभल गई। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, किसी यात्री के गंभीर रूप से घायल होने की सूचना नहीं है। हादसे के बाद यात्रियों और स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!