दशहरे मेले के बाद परेड ग्राउंड में जिला प्रशासन और नगर निगम ने चलाया स्वच्छता अभियान
डीएम की अध्यक्षता में 300 लोगों ने किया श्रमदान, प्लास्टिक कचरे को मौके पर किया अलग

दशहरा मेले के उपरांत परेड ग्राउंड, देहरादून में आज जिलाधिकारी, देहरादून की अध्यक्षता में पोस्ट-दशहरा स्वच्छता अभियान संचालित किया गया। अभियान का उद्देश्य दशहरा मेले के बाद परिसर में एकत्रित कूड़े का समुचित निस्तारण सुनिश्चित करना तथा शहर में स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति जन-जागरूकता को बढ़ावा देना था।
इस स्वच्छता अभियान में नगर निगम देहरादून, जिला प्रशासन, वेस्ट वॉरियर्स संस्था तथा एनसीसी के विद्यार्थियों एवं शिक्षकों ने सक्रिय सहभागिता की। अभियान में लगभग 300 लोगों ने भाग लेते हुए श्रमदान किया और परेड ग्राउंड परिसर में व्यापक स्तर पर साफ-सफाई की। अभियान के दौरान दशहरा मेले के उपरांत एकत्रित लगभग 8 टन कूड़ा एकत्रित किया गया।

अभियान की एक प्रमुख विशेषता यह रही कि कूड़ा एकत्रित करते समय ही प्लास्टिक कचरे को अन्य कचरे से अलग किया गया। इस प्रकार मौके पर ही कचरे का पृथक्करण सुनिश्चित करते हुए प्लास्टिक कचरे के उचित प्रबंधन एवं पुनर्चक्रण की दिशा में भी प्रयास किया गया।
जिलाधिकारी, देहरादून की अध्यक्षता में आयोजित इस अभियान में जिला प्रशासन के अधिकारियों एवं कर्मचारियों सहित विभिन्न संस्थाओं और युवाओं की सहभागिता ने सामूहिक प्रयासों के माध्यम से स्वच्छता का संदेश दिया। इस प्रकार के अभियान बड़े आयोजनों एवं मेलों के बाद सार्वजनिक स्थलों की स्वच्छता सुनिश्चित करने के साथ-साथ नागरिकों में कचरा पृथक्करण, पर्यावरण संरक्षण और सामुदायिक भागीदारी के प्रति जागरूकता बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
नगर निगम देहरादून द्वारा आमजन से अपील की जाती है कि सार्वजनिक स्थलों पर कूड़ा न फैलाएं, गीले एवं सूखे कचरे को अलग-अलग रखें, प्लास्टिक कचरे का उचित निस्तारण करें तथा शहर को स्वच्छ एवं सुंदर बनाए रखने में सहयोग प्रदान करें।