
रुड़की: हरिद्वार जिले के झबरेड़ा क्षेत्र में चार दिन पहले हुए दोहरे हत्याकांड के आरोपी को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। आरोपी अमन पर अपनी सगी बहन और उसके प्रेमी की गोली मारकर हत्या करने का आरोप है। पुलिस के साथ हुई मुठभेड़ में अमन के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे घायल अवस्था में रुड़की के सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया।
पुलिस के अनुसार, 26 सितंबर को झबरेड़ी कलां गांव में अमन ने अपनी बहन और पड़ोस में रहने वाले सूरज उर्फ मुन्ना पर कथित तौर पर गोली चला दी थी। घटना के बाद दोनों की मौत हो गई थी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया था। उसकी गिरफ्तारी के लिए एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर के निर्देश पर पुलिस की कई टीमें लगातार तलाश में जुटी थीं।
एसपी देहात अभय प्रताप सिंह के मुताबिक, सोमवार देर रात पुलिस को आरोपी के क्षेत्र में मौजूद होने की सूचना मिली। इसके बाद टीम ने घेराबंदी कर उसे पकड़ने का प्रयास किया। पुलिस का दावा है कि इस दौरान अमन ने टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी और उसे मौके से पकड़ लिया गया।
पूछताछ में आरोपी ने कथित तौर पर बताया कि वह अपनी बहन के प्रेम संबंध से नाराज था। उसका कहना है कि इस रिश्ते को लेकर उसे गांव में लोगों के ताने सुनने पड़ते थे। उसने दोनों को समझाने की कोशिश भी की, लेकिन बात नहीं बनी। पुलिस के अनुसार, इसी नाराजगी के चलते उसने दोनों की हत्या करने की बात स्वीकार की है।
फिलहाल पुलिस आरोपी का उपचार कराने के साथ ही मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।