उत्तराखंड

पहले दोस्ती, फिर शादी और धर्म परिवर्तन का दबाव पुलिस ने युवक को पकड़ा

खटीमा। चंपावत जिले के टनकपुर क्षेत्र में एक युवती ने युवक पर अपनी धार्मिक पहचान छिपाकर संबंध बनाने और बाद में धर्म परिवर्तन के लिए दबाव डालने का आरोप लगाया है। युवती की शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर 22 वर्षीय आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस के मुताबिक, युवती ने 28 सितंबर को टनकपुर कोतवाली में शिकायत दी थी। आरोप है कि युवक ने शुरुआत में अपनी पहचान स्पष्ट नहीं की और युवती से दोस्ती कर ली। दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ने के बाद आरोपी ने उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए।

शिकायत में युवती ने बताया कि बाद में जब उसे युवक की वास्तविक धार्मिक पहचान के बारे में जानकारी मिली तो उसने उससे दूरी बनाने की कोशिश की। आरोप है कि इसके बाद युवक ने उस पर अपना धर्म अपनाने और शादी करने के लिए दबाव बनाना शुरू कर दिया।

युवती का यह भी आरोप है कि उसकी निजी तस्वीरों को सोशल मीडिया पर सार्वजनिक करने की धमकी देकर उस पर दबाव बनाया गया। लगातार परेशान किए जाने के बाद युवती ने पुलिस से संपर्क किया।

शिकायत मिलने के बाद टनकपुर पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस ने पूछताछ के साथ उपलब्ध साक्ष्यों और तथ्यों की पड़ताल की। जांच के दौरान आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है। चंपावत पुलिस ने महिला अपराध से जुड़े मामलों में त्वरित कार्रवाई किए जाने की बात कही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!