उत्तराखंडस्पोर्ट्स

उत्तराखंड की अंडर-19 महिला टीम ने चंडीगढ़ को 7 विकेट से हराया, नॉकआउट में बनाई जगह

देहरादून। उत्तराखंड की अंडर-19 महिला क्रिकेट टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए महिला अंडर-19 टी20 ट्रॉफी एलीट के नॉकआउट राउंड में प्रवेश कर लिया है। शुक्रवार, 16 अक्टूबर को मुंबई के एमसीए शरद पवार क्रिकेट अकादमी, बीकेसी में खेले गए मुकाबले में उत्तराखंड ने चंडीगढ़ को सात विकेट से शिकस्त दी। पहले गेंदबाजों ने विपक्षी टीम को कम स्कोर पर रोका, फिर बल्लेबाजों ने आसानी से लक्ष्य हासिल कर जीत दर्ज की।

गेंदबाजों के सामने नहीं टिक सकी चंडीगढ़ की टीम

मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करने उतरी चंडीगढ़ की शुरुआत बेहद खराब रही। टीम ने शुरुआती ओवरों में ही दो विकेट बिना खाता खोले गंवा दिए। इसके बाद भी विकेट गिरने का सिलसिला जारी रहा और बल्लेबाज बड़ी साझेदारी बनाने में नाकाम रहीं। चंडीगढ़ की टीम निर्धारित 20 ओवर में आठ विकेट खोकर महज 72 रन ही बना सकी।

उत्तराखंड की ओर से दानू ने बेहतरीन गेंदबाजी करते हुए चार ओवर में 18 रन देकर तीन विकेट झटके। कनिका नेगी ने चार ओवर में केवल छह रन खर्च किए और दो बल्लेबाजों को पवेलियन भेजा। धारा को दो, जबकि तन्वी तोमर को एक विकेट मिला। गेंदबाजों के इस अनुशासित प्रदर्शन ने चंडीगढ़ को बड़ा स्कोर बनाने से रोक दिया।

धृति और निर्जला ने संभाली पारी

73 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी उत्तराखंड की टीम को शुरुआत में कुछ झटके लगे। करिना, अनन्या मेहरा और तन्वी तोमर जल्दी आउट हो गईं। हालांकि, इसके बाद धृति आनंद और निर्जला महरा ने मोर्चा संभालते हुए टीम को जीत के करीब पहुंचा दिया।

धृति आनंद ने 45 गेंदों में एक चौके और एक छक्के की मदद से नाबाद 31 रन बनाए। वहीं निर्जला महरा ने 21 गेंदों पर दो चौकों के साथ नाबाद 20 रन की पारी खेली। दोनों बल्लेबाजों ने संयम के साथ खेलते हुए लक्ष्य हासिल कर लिया।

उत्तराखंड ने 14 ओवर में तीन विकेट पर 73 रन बनाकर मुकाबला अपने नाम किया। इस जीत के साथ टीम ने नॉकआउट चरण में अपनी जगह सुनिश्चित कर ली है। अब टीम की निगाहें अगले दौर में भी इसी लय को बरकरार रखने पर रहेंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!