उत्तराखंड की बेटियों का दम दुनिया ने देखा, सीएम धामी ने अंतरराष्ट्रीय पदक विजेता महिला मुक्केबाजों को किया सम्मानित
जकार्ता और रोमानिया में शानदार प्रदर्शन करने वाली निकिता चंद, काजल फर्स्वाण और आरती धारियाल को मुख्यमंत्री ने किया सम्मानित, कोचों के योगदान को भी सराहा।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को मुख्यमंत्री आवास में उत्तराखंड की उन महिला मुक्केबाजों से मुलाकात की, जिन्होंने अंतरराष्ट्रीय मंच पर शानदार प्रदर्शन कर प्रदेश और देश का नाम रोशन किया है। इस अवसर पर पिथौरागढ़ की निकिता चंद, काजल फर्स्वाण और आरती धारियाल को उनकी उपलब्धियों के लिए सम्मानित किया गया। मुख्यमंत्री ने खिलाड़ियों के साथ उनके प्रशिक्षकों बृजेंद्र मल और ललित कुंवर को भी सम्मानित करते हुए उनके योगदान की सराहना की।
![]()
हाल ही में इंडोनेशिया की राजधानी जकार्ता में आयोजित अंडर-23 एशियन बॉक्सिंग चैंपियनशिप 2026 में निकिता चंद ने 60 किलोग्राम और काजल फर्स्वाण ने 65 किलोग्राम भार वर्ग में शानदार प्रदर्शन करते हुए रजत पदक अपने नाम किया। दोनों मुक्केबाजों ने अपनी मेहनत और प्रतिभा के दम पर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत का गौरव बढ़ाया।
पिथौरागढ़ के बड़ालू गांव की रहने वाली निकिता चंद पहले भी 2021, 2022 और 2023 की एशियन चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीत चुकी हैं। वहीं, मुनस्यारी के भदेली गांव की काजल फर्स्वाण ने भी कई राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में पदक जीतकर अपनी अलग पहचान बनाई है और वर्तमान में राष्ट्रीय महिला बॉक्सिंग कैंप, पटियाला में प्रशिक्षण ले रही हैं।

इसी क्रम में पिथौरागढ़ की एक और होनहार मुक्केबाज आरती धारियाल को भी सम्मानित किया गया। आरती ने रोमानिया में आयोजित गोल्ड बेल्ट बॉक्सिंग प्रतियोगिता 2026 में 54 किलोग्राम भार वर्ग में स्वर्ण पदक जीतकर देश का नाम रोशन किया। इससे पहले वह लगातार दो वर्षों तक एलीट महिला राष्ट्रीय बॉक्सिंग चैंपियनशिप में कांस्य पदक भी जीत चुकी हैं और फिलहाल राष्ट्रीय महिला बॉक्सिंग कैंप, पटियाला में प्रशिक्षण प्राप्त कर रही हैं।
