उत्तराखंड

देहरादून में रेड अलर्ट: भारी बारिश के चलते 10 जुलाई को स्कूल और आंगनबाड़ी रहेंगे बंद

छात्रों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए प्रशासन ने कक्षा 1 से 12 तक के सभी सरकारी, निजी और सहायता प्राप्त विद्यालयों के साथ-साथ सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में एक दिन का अवकाश घोषित किया।

देहरादून जिले में 10 जुलाई 2026 को मौसम के गंभीर रहने की संभावना है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) और नेशनल डिजास्टर अलर्ट पोर्टल के पूर्वानुमान के अनुसार जिले के कुछ क्षेत्रों में भारी से अत्यधिक भारी बारिश, आकाशीय बिजली गिरने और तेज वर्षा होने की आशंका जताई गई है। इसे देखते हुए जिले के लिए रेड अलर्ट जारी किया गया है।

मौसम की इस स्थिति को ध्यान में रखते हुए जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने विद्यार्थियों की सुरक्षा के मद्देनज़र महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। आदेश के अनुसार 10 जुलाई 2026 (शुक्रवार) को देहरादून जनपद के कक्षा 1 से 12 तक संचालित सभी सरकारी, गैर-सरकारी, सहायता प्राप्त और निजी विद्यालयों के साथ-साथ सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में एक दिन का अवकाश रहेगा।

प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकलें, मौसम विभाग द्वारा जारी सलाह का पालन करें और किसी भी आपात स्थिति में प्रशासन द्वारा जारी निर्देशों का पालन करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!