पौड़ी में केंद्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय परिसर तक पहुंची जंगल की आग, लोगों में मची अफरातफरी
देवप्रयाग के बाह बाजार क्षेत्र में भड़की आग ने रिहायशी इलाकों को लिया चपेट में, देर रात कड़ी मशक्कत के बाद पाया गया काबू

पौड़ी जिले के देवप्रयाग क्षेत्र में जंगल में लगी भीषण आग ने स्थानीय लोगों की चिंता बढ़ा दी। आग बाह बाजार के पास जंगल से फैलते हुए धीरे-धीरे आबादी वाले क्षेत्रों और केंद्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय के रघुनाथ कीर्ति परिसर की ओर बढ़ने लगी, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया। देर शाम तक जंगल में आग की ऊंची लपटें दिखाई देती रहीं, जबकि आसपास के गांवों में दहशत का माहौल बना रहा। घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद देर रात आग पर काबू पाया जा सका, जिसके बाद लोगों ने राहत महसूस की।
मिली जानकारी के अनुसार, देवप्रयाग नगरपालिका के वार्ड नंबर चार स्थित बाह बाजार क्षेत्र में आग सौड़ गांव की दिशा से फैलते हुए पहुंची। इससे पहले नृसिंहाचल पर्वत क्षेत्र में जंगल में लगी आग को केंद्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय के रघुनाथ कीर्ति परिसर के शिक्षकों और वन विभाग की टीम ने कई घंटों की मेहनत के बाद नियंत्रित किया था। हालांकि, कुछ ही दिनों बाद आग ने फिर से रफ्तार पकड़ ली और गांव की ओर से फैलते हुए विश्वविद्यालय परिसर के नजदीक पहुंचने लगी।
हालात बिगड़ते देख परिसर प्रशासन ने तुरंत वन विभाग, दमकल विभाग और पुलिस प्रशासन को सूचना दी। पहाड़ी और कठिन भूभाग होने की वजह से राहत एवं बचाव कार्य में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। वन विभाग की टीम ने एक दिशा से आग को रोकने का प्रयास किया और आंशिक सफलता भी मिली, लेकिन तेज हवाओं ने आग को और अधिक भड़का दिया, जिससे स्थिति चुनौतीपूर्ण हो गई।
इस बीच दमकल विभाग की टीम भी मौके पर पहुंची, लेकिन दुर्गम इलाके के कारण पाइप घटनास्थल तक नहीं पहुंच सके, जिससे आग बुझाने के प्रयास प्रभावित हुए। सुरक्षा के मद्देनजर विश्वविद्यालय प्रशासन ने एहतियातन छात्रों और कर्मचारियों को आवास खाली करने के निर्देश दिए। छात्रावास के नजदीक उठती आग की लपटों ने सभी को भयभीत कर दिया। देखते ही देखते आग बाह बाजार के ऊपर स्थित जंगलों तक फैल गई और बस्ती की ओर बढ़ने लगी, जिससे पूरे क्षेत्र में दहशत फैल गई।