ऑपरेशन सिंदूर के जवानों को राज्यपाल ने किया सम्मानित
ऑपरेशन सिंदूर में शामिल भारतीय सेना के जवानों को नैनीताल में राज्यपाल गुरमीत सिंह ने किया सम्मानित

लोक भवन में ‘एक शाम सैनिकों के नाम’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया. कार्यक्रम का शुभारंभ प्रदेश के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह ने किया. इस दौरान राज्यपाल और प्रदेश के कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी के द्वारा ऑपरेशन सिंदूर अभियान में देश के लिए काम करने वाले वायु सेना और थल सेना के अधिकारियों और जवानों को वीरता पदक, पूर्व सैनिकों और अर्ध सैनिक बलों के जवानों को सम्मानित किया.
राज्यपाल गुरमीत सिंह ने कहा कि, उत्तराखंड केवल देवभूमि ही नहीं बल्कि वीरभूमि भी है. यहां की सैन्य परंपरा पूरे देश के लिए प्रेरणा है. उन्होंने कहा कि सैनिकों को भूतपूर्व नहीं बल्कि ‘अभूतपूर्व’ कहा जाना चाहिए, क्योंकि सैनिक जीवन व्यक्ति को आजीवन राष्ट्रसेवा और अनुशासन से जोड़ता है. ऑपरेशन सिंदूर’ का उल्लेख करते हुए इसे भारतीय सेना के शौर्य, सामरिक क्षमता और समन्वय का उत्कृष्ट उदाहरण बताया.
ऑपरेशन सिंदूर’ का किया विशेष उल्लेख:
राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह ने अपने संबोधन में ‘ऑपरेशन सिंदूर’ का विशेष उल्लेख करते हुए कहा कि यह भारतीय सशस्त्र बलों की रणनीतिक क्षमता, साहस और आपसी समन्वय का बेहतरीन उदाहरण है। उन्होंने कहा कि इस अभियान के दौरान भारतीय सेना ने अदम्य वीरता और कर्तव्यनिष्ठा का परिचय देते हुए देश की सुरक्षा और संप्रभुता की रक्षा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। राज्यपाल ने यह भी कहा कि उत्तराखंड के वीर जवानों का योगदान हमेशा गर्व का विषय रहा है और उन्होंने देशसेवा में अपनी प्रतिबद्धता को निरंतर साबित किया है।