उत्तराखंड में 1 नवंबर से नया बिजली कनेक्शन लेना होगा महंगा, BPL उपभोक्ताओं के लिए भी बढ़ेगा चार्ज; लाइन बिछाने और ट्रांसफार्मर की दरें तय
उत्तराखंड में 1 नवंबर से नया बिजली कनेक्शन लेना होगा महंगा,
उत्तराखंड में 1 नवंबर से नया बिजली कनेक्शन लेना महंगा हो जाएगा। उत्तराखंड विद्युत नियामक आयोग (UERC) ने नए बिजली कनेक्शन की दरों में बढ़ोतरी करते हुए नई व्यवस्था लागू करने के निर्देश जारी किए हैं। हालांकि, नई व्यवस्था में कनेक्शन प्रक्रिया को आसान और पारदर्शी बनाने पर भी जोर दिया गया है, जिससे उपभोक्ताओं को अनावश्यक चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे।

आयोग के नए आदेश के अनुसार, 4 किलोवाट तक के कनेक्शन के लिए BPL उपभोक्ताओं को अब सर्विस लाइन चार्ज के रूप में 100 रुपये के बजाय 150 रुपये देने होंगे। वहीं, सामान्य उपभोक्ताओं के लिए यह शुल्क 1,000 रुपये से बढ़ाकर 1,400 रुपये कर दिया गया
बिजली लाइन बिछाने के शुल्क में भी नई दरें तय की गई हैं। BPL उपभोक्ताओं को 300 मीटर तक बिजली लाइन बिछाने के लिए कोई शुल्क नहीं देना होगा। इससे अधिक दूरी पर 400 रुपये प्रति 10 मीटर के हिसाब से भुगतान करना होगा। वहीं, 4 किलोवाट तक के सामान्य उपभोक्ताओं के लिए 300 मीटर तक बिजली लाइन बिछाने का शुल्क 900 रुपये निर्धारित किया गया है। अंडरग्राउंड लाइन के लिए यह शुल्क 2,700 रुपये होगा।
नए नियमों के तहत 4 से 10 किलोवाट तक के कनेक्शन के लिए सर्विस लाइन चार्ज 3,000 रुपये और 10 से 25 किलोवाट तक के कनेक्शन के लिए 5,000 रुपये निर्धारित किया गया है। इसके अलावा 600 रुपये सिक्योरिटी चार्ज और श्रेणी के अनुसार अतिरिक्त सिक्योरिटी चार्ज भी लागू होंगे। ट्रांसफार्मर से संबंधित दरें भी नई व्यवस्था के तहत निर्धारित की गई हैं।
प्रीपेड मीटर पर मिलेगी राहत
नई व्यवस्था में स्मार्ट और प्रीपेड मीटर वाले उपभोक्ताओं को राहत दी गई है। प्रीपेड कनेक्शन लेने वालों से सिक्योरिटी या अतिरिक्त सिक्योरिटी चार्ज नहीं लिया जाएगा। उन्हें केवल प्रीपेड मीटर का निर्धारित शुल्क देना होगा।
आयोग का कहना है कि नई व्यवस्था का उद्देश्य बिजली कनेक्शन की प्रक्रिया को सरल, पारदर्शी और व्यवस्थित बनाना है। इससे उपभोक्ताओं को कनेक्शन लेने के दौरान होने वाली परेशानियों से राहत मिलने की उम्मीद है।