उद्योगपति गौतम अडानी ने किए केदारनाथ धाम के दर्शन
देश के जाने-माने उद्योगपति गौतम अडानी अपनी पत्नी प्रीति अडानी के साथ निजी हेलीकॉप्टर से केदारनाथ धाम पहुंचे

हिमालय की गोद में बसे विश्व प्रसिद्ध केदारनाथ धाम में इन दिनों आस्था, विश्वास और आध्यात्मिक ऊर्जा का अद्भुत संगम देखने को मिल रहा है. 30 अप्रैल तक ढाई लाख के करीब श्रद्धालु केदारनाथ के दर्शन कर चुके हैं. पिछले दिनों सिंगर कैलाश खेर समेत अनेक सेलिब्रिटी और उद्योगपति भी केदारनाथ धाम के दर्शन करने आ चुके हैं. आज शुक्रवार 1 मई को देश के प्रसिद्ध उद्योगपति गौतम अडानी केदारनाथ धाम पहुंचे.केदारनाथ धाम के दर्शन करने पहुंचे उद्योगपति गौतम अडानी: जानकारी के अनुसार अडाणी ग्रुप के संस्थापक एवं चेयरमैन गौतम अडाणी पत्नी प्रीति अडानी के साथ शुक्रवार सुबह दिल्ली से देहरादून पहुंचे. इसके बाद वह निजी हेलीकॉप्टर से केदारनाथ धाम पहुंचे. धाम पहुंचकर उन्होंने बाबा केदार की विशेष पूजा-अर्चना की. उद्योगपति दंपति ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर भगवान भोलेनाथ का आशीर्वाद लिया. उन्होंने देश और प्रदेश की समृद्धि, शांति, विकास एवं जनकल्याण की कामना करते हुए विशेष प्रार्थना की.

मंदिर समिति ने गौतम अडानी का स्वागत किया: केदारनाथ धाम में उनके आगमन पर मंदिर परिसर में मौजूद श्रद्धालुओं में भी उन्हें देखने की उत्सुकता साफ नजर आई. मंदिर समिति एवं स्थानीय प्रशासन द्वारा उनका पारंपरिक तरीके से स्वागत किया गया. इस अवसर पर सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रही और यात्रा प्रबंधन पूरी तरह सुचारू रूप से संचालित होता दिखा. प्रशासन द्वारा वीआईपी मूवमेंट के बावजूद आम श्रद्धालुओं की सुविधाओं का विशेष ध्यान रखा गया, जिससे दर्शन व्यवस्था प्रभावित नहीं हुई.