
देहरादून। एम्बेलिश टैलेंट मैनेजमेंट की ओर से आयोजित मिस टीन उत्तराखंड 2026 सीजन-5 का भव्य ग्रैंड फिनाले रविवार को आईएसबीटी स्थित होटल गेटवे में शानदार अंदाज में संपन्न हुआ। प्रदेश के विभिन्न जनपदों से चयनित 20 प्रतिभागियों ने प्रतियोगिता में हिस्सा लेते हुए अपनी प्रतिभा, आत्मविश्वास, व्यक्तित्व और मंचीय कौशल का प्रभावशाली प्रदर्शन किया।

कड़े मुकाबले के बाद इशिका पंवार ने मिस टीन उत्तराखंड 2026 का खिताब अपने नाम किया। इस उपलब्धि के साथ अब वह आगामी जुलाई माह में श्रीलंका में आयोजित होने वाली मिस टीन टूरिज्म प्रतियोगिता में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी। वहीं मानस्वी तोमर प्रथम रनर-अप, तनिष्का शाह द्वितीय रनर-अप, अनमोल कौर तृतीय रनर-अप तथा सताक्षी चतुर्थ रनर-अप रहीं।

ग्रैंड फिनाले के दौरान प्रतिभागियों ने इंट्रोडक्शन, टैलेंट, ट्रेडिशनल और वेस्टर्न राउंड सहित विभिन्न चरणों में अपनी प्रस्तुतियां दीं। आकर्षक परिधानों, आत्मविश्वास से भरी रैंप वॉक और शानदार मंचीय प्रदर्शन ने दर्शकों और निर्णायक मंडल को प्रभावित किया। पूरे आयोजन में फैशन, ग्लैमर, प्रतिभा और उत्तराखंड की युवा ऊर्जा का अनूठा संगम देखने को मिला।कार्यक्रम की विशेष अतिथि एवं स्प्लिट्सविला और रोडीज़ फेम सिमरन बहल ने अपनी उपस्थिति से आयोजन को और भी खास बना दिया। उन्होंने प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि ऐसे मंच युवाओं को अपनी प्रतिभा निखारने के साथ-साथ राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचने का अवसर प्रदान करते हैं।
इस अवसर पर एम्बेलिश टैलेंट मैनेजमेंट की डायरेक्टर ख्याति शर्मा ने कहा कि संस्था का उद्देश्य उत्तराखंड की प्रतिभाशाली बेटियों को ऐसा मंच उपलब्ध कराना है, जहां वे अपनी क्षमताओं को पहचानते हुए आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ सकें। उन्होंने बताया कि संस्था पिछले कई वर्षों से इस तरह के आयोजन कर रही है और अनेक युवतियों को मॉडलिंग, ग्रूमिंग एवं व्यक्तित्व विकास के क्षेत्र में आगे बढ़ने का अवसर प्रदान कर चुकी है।
ग्रैंड फिनाले से पूर्व आयोजित विभिन्न सब-टाइटल प्रतियोगिताओं के विजेताओं को भी सम्मानित किया गया। इस दौरान प्रतिभागियों ने विभिन्न डिजाइनर्स के परिधानों में कैटवॉक कर अपनी प्रस्तुति दी। रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों, उत्साहपूर्ण माहौल और उत्कृष्ट व्यवस्थाओं के बीच संपन्न हुआ यह आयोजन उत्तराखंड की उभरती प्रतिभाओं के लिए एक यादगार मंच साबित हुआ।