DehradunUttrakhand

उत्तरकाशी में भीषण सड़क हादसा: गंगोत्री हाईवे पर गंगनानी के पास नदी में गिरी इनोवा, 4 लोगों की मौत

अनियंत्रित होकर खाई में समाया वाहन; गुजरात के यात्रियों के होने की आशंका, एसडीआरएफ और पुलिस का रेस्क्यू अभियान जारी

उत्तरकाशी (उत्तराखंड): उत्तराखंड के उत्तरकाशी जिले में गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना की खबर सामने आई है। डबरानी की ओर गंगनानी के पास धारा कुंड के समीप एक अनियंत्रित इनोवा कार गहरी खाई में गिरते हुए सीधे नदी में जा समाई। इस भीषण हादसे में 4 लोगों की मौत हो गई है, जिनके शव नदी किनारे से बरामद कर लिए गए हैं। कार सवार यात्री गुजरात राज्य के बताए जा रहे हैं।

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस, एसडीआरएफ (SDRF) और 108 आपातकालीन एंबुलेंस सेवा की राहत एवं बचाव टीमें तत्काल मौके पर पहुंचीं। नदी के तेज बहाव और दुर्गम भौगोलिक परिस्थितियों के बीच टीमों ने तुरंत रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया और चार शवों को नदी किनारे से बाहर निकाला।

आपदा प्रबंधन विभाग के अनुसार, दुर्घटना के समय कार में कुल कितने लोग सवार थे, इसकी अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है। अन्य यात्रियों के भी नदी के तेज प्रवाह में लापता होने की आशंका को देखते हुए एसडीआरएफ और पुलिस का सर्च अभियान लगातार जारी है। पुलिस दुर्घटनाग्रस्त वाहन और उसमें सवार लोगों के बारे में विस्तृत जानकारी जुटाने में लगी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!