DehradunUttrakhand

नैनीताल घूमने आए नेशनल बास्केटबॉल खिलाड़ी की दर्दनाक सड़क हादसे में मौत, डॉक्टर पत्नी की हालत गंभीर

शादी के महज चार महीने बाद घूमने निकले नवविवाहित जोड़े की खुशियां मातम में बदलीं, भारी डंपर ने मारी टक्कर

रामनगर: उत्तराखंड के नैनीताल जिले में रामनगर के पास एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है, जहां एक राष्ट्रीय स्तर के बास्केटबॉल खिलाड़ी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनकी पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गईं। घटना पीरूमदारा क्षेत्र की है, जहां देर रात एक तेज रफ्तार भारी डंपर ने उनकी कार को सामने से जोरदार टक्कर मार दी।

उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद के रहने वाले 24 वर्षीय यतीश यादव राष्ट्रीय स्तर के बास्केटबॉल खिलाड़ी थे और एक निजी स्कूल में खेल शिक्षक के रूप में कार्यरत थे। उनकी पत्नी शीतल पेशे से डॉक्टर हैं। दोनों की शादी महज चार महीने पहले हुई थी और वे पहली बार एक साथ नैनीताल घूमने निकले थे। काशीपुर से रामनगर होते हुए नैनीताल जाते समय देर रात करीब 1:20 बजे चौधरी ढाबे के पास सामने से आ रहे एक 22-टायरा डंपर ने गलत दिशा में आकर उनकी गाड़ी में सीधे टक्कर मार दी।

हादसा इतना भयानक था कि कार चला रहे यतीश यादव की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि उनकी पत्नी कार में ही गंभीर रूप से फंसकर घायल हो गईं। हादसे की आवाज सुनकर पहुंचे स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से घायल महिला को तुरंत नजदीकी अस्पताल ले जाया गया। बाद में उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए दिल्ली-एनसीआर के उच्च केंद्र रेफर कर दिया गया।

सूचना मिलने के बाद रामनगर पहुंचे मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया। खिलाड़ी के पिता ने डंपर चालक पर लापरवाही से गाड़ी चलाने और गलत दिशा में ओवरटेक करने का आरोप लगाते हुए कड़ी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और डंपर को जब्त कर आगे की कानूनी जांच शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!