DehradunUttrakhand

मोहब्बेवाला में सड़क हादसा, ट्रक की टक्कर से पुलिस बस पलटी, 8 घायल

देहरादून।  देहरादून के पटेलनगर थाना क्षेत्र के मोहब्बेवाला में सड़क हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। मंगलवार सुबह आशारोड़ी चेक पोस्ट के पास तेज रफ्तार और अनियंत्रित ट्रक ने आईआरबी फर्स्ट बटालियन की बस को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि पुलिस की बस और ट्रक दोनों सड़क पर पलट गए। हादसे में पांच आईआरबी जवानों समेत आठ लोग घायल हुए हैं।

जानकारी के मुताबिक सहारनपुर की ओर से सीमेंट लेकर आ रहा ट्रक  आशारोड़ी चेक पोस्ट के पास अनियंत्रित हो गया और आगे चल रही आईआरबी फर्स्ट बटालियन की बस को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद बस सड़क पर पलट गई।

बताया गया कि हादसे के समय बस में आईआरबी के आठ जवान सवार थे। दुर्घटना में पांच पुलिसकर्मी घायल हो गए। इसी दौरान ट्रक की चपेट में एक मोटरसाइकिल भी आ गई, जिससे बाइक सवार दो लोग घायल हुए। हादसे में ट्रक चालक को भी चोटें आई हैं। इस तरह कुल आठ लोगों के घायल होने की जानकारी सामने आई है।

मौके पर पहुंची पुलिस, घायलों को अस्पताल भेजा

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। सभी घायलों को एंबुलेंस की मदद से नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है। पुलिस ने दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!