टिहरी, 24 अप्रैल। जनपद टिहरी के चंबा क्षेत्र में हाल ही में हुए भीषण सड़क हादसे की जांच के तहत राज्य में गठित लीड एजेंसी की टीम ने दुर्घटनास्थल का निरीक्षण किया। यह कार्रवाई सुप्रीम कोर्ट की सड़क सुरक्षा समिति के निर्देशों के अनुपालन में की गई। हादसे में वाहन संख्या UK09TA1799 के दुर्घटनाग्रस्त होने से आठ लोगों की मौके पर ही मौत हो गई थी।

जांच के दौरान यह सामने आया कि दुर्घटनास्थल पर सड़क की चौड़ाई पर्याप्त है और सुरक्षा के लिहाज से पैरापेट भी स्थापित हैं, लेकिन मोड़ के बाद लगातार तीव्र ढलान है। प्रारंभिक जांच में यह आशंका जताई गई कि इसी ढलान के कारण चालक वाहन की गति पर नियंत्रण नहीं रख पाया, जिससे हादसा हुआ।
निरीक्षण दल का नेतृत्व उप परिवहन आयुक्त शैलेश तिवारी ने किया। इस दौरान परिवहन विभाग, पुलिस विभाग, लोक निर्माण विभाग (PWD) और जेपीआरआई के विशेषज्ञ भी मौके पर मौजूद रहे। टीम ने आवश्यक जानकारियां जुटाने के साथ ही दुर्घटनाग्रस्त वाहन की भी जांच की, जिसके आधार पर विस्तृत रिपोर्ट तैयार कर उच्च स्तर पर भेजी जाएगी।

जांच के बाद लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए गए। इनमें दुर्घटनास्थल पर रंबल स्ट्रिप बनाने, क्रैश बैरियर स्थापित करने और मोड़ पर सड़क की ज्यामिति में सुधार करने के निर्देश शामिल हैं। साथ ही, वहां गति सीमा और दुर्घटना संभावित क्षेत्र के चेतावनी बोर्ड लगाने को भी कहा गया है।
निरीक्षण के दौरान लीड एजेंसी से सहायक निदेशक नरेश संगल, पुलिस विभाग से अविनाश चौधरी, लोक निर्माण विभाग से संजय बिष्ट समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे। वहीं, जनपद टिहरी से सीओ चंबा महेश लखेरा, अधिशासी अभियंता जगदीश खाती, एआरटीओ (प्रवर्तन) सत्येंद्र राज, एआरटीओ (प्रशासन) राजेंद्र विराटिया, संभागीय निरीक्षक नीलेश और सहायक अभियंता मनीषा सेठी भी निरीक्षण में शामिल रहे।
