नेपाल के रसूवा आपदा क्षेत्र ग्राउंड जीरो पहुंची गोर्खाली सुधार सभा की नेपाल आपदा राहत सहायता टीम

देहरादून। नेपाल में आई भीषण बाढ़ और आपदा से प्रभावित लोगों की सहायता के लिए गोर्खाली सुधार सभा की ओर से राहत अभियान चलाया जा रहा है। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गोर्खाली सुधार सभा के केंद्रीय अध्यक्ष पदम सिंह थापा के नेतृत्व में आठ सदस्यीय सहायता दल को हरी झंडी दिखाकर नेपाल के लिए रवाना किया था।
टीम की अगुवाई कर रहे गोर्खाली सुधार सभा के केंद्रीय अध्यक्ष पदम सिंह थापा ने बताया कि राहत दल ने नेपाल के आपदा प्रभावित क्षेत्रों का जमीनी दौरा कर वहां की वास्तविक परिस्थितियों और प्रभावित परिवारों की जरूरतों की जानकारी ली। टीम ने बाढ़ प्रभावित लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्याओं और पुनर्वास से जुड़ी आवश्यकताओं को समझा।

इसके बाद स्थानीय स्वयंसेवकों और स्वयंसेवी संस्थाओं के सहयोग से प्रभावित परिवारों के लिए उनकी जरूरत के अनुसार राहत सामग्री की किट तैयार कर वितरित की गई। टीम ने रसुवा, नुवाकोट और धादिंग सहित विभिन्न बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में करीब 400 आपदा प्रभावित लोगों तक राहत सामग्री पहुंचाई। राहत किट के लिए सामग्री स्थानीय स्तर पर प्रभावित परिवारों की जरूरतों के अनुसार खरीदी गई।

राहत दल में गोर्खाली सुधार सभा के अध्यक्ष पदम सिंह थापा, गोरखा कल्याण परिषद के उपाध्यक्ष एवं राज्यमंत्री अभिषेक शाही, भाजपा दुर्गा मल्ल मंडल अध्यक्ष राजीव गुरुंग, समाजसेवी टेकू मगर, सूबेदार डम्मर थापा, शाखा अध्यक्ष शंकर थापा, शमशेर थापा, पूर्व प्रधान लव तमांग सहित स्थानीय सामाजिक कार्यकर्ता शामिल रहे।
गोर्खाली सुधार सभा की मीडिया प्रभारी प्रभा शाह ने बताया कि राहत दल आगामी कुछ दिनों तक नेपाल में रहकर आपदा प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं सहायता कार्य जारी रखेगा। उन्होंने कहा कि राहत अभियान की विस्तृत जानकारी समय-समय पर तस्वीरों के साथ साझा की जाएगी।