केदारनाथ में घोड़े से गिरकर घायल हुई महिला, एक यात्री को आया हार्ट अटैक, एयरलिफ्ट से बची जान
केदारनाथ में हेली रेस्क्यू से बची दो गंभीर मरीजों की जान, सीने में दर्द वाले यात्री को एम्स ऋषिकेश किया गया रेफर

केदारनाथ धाम क्षेत्र में एक महिला यात्री घोड़े से गिरकर घायल हो गई. इसके अलावा एक अन्य यात्री को हार्ट अटैक आ गया. जिससे दोनों यात्रियों की हालत गंभीर हो गई. ऐसे में दोनों यात्रियों को प्राथमिक उपचार के बाद हेलीकॉप्टर के जरिए हायर सेंटर में रेफर किया गया, जिससे उनकी जान बचाई जा सकीजानकारी के मुताबिक, मध्य प्रदेश की सुनीता बड़ी लिनचोली से घोड़े पर सवार होकर केदारनाथ धाम जा रही थीं. इसी दौरान वो असंतुलित होकर घोड़े से गिर गईं. किसी तरह धाम पहुंचने के बाद उनके बाएं घुटने और पैर में तेज दर्द शुरू हो गया, जिससे चलना-फिरना मुश्किल हो गया.ऐसे में उन्हें तत्काल प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र केदारनाथ में भर्ती कराया गया, जहां ऑर्थोपेडिक सर्जन ने प्राथमिक उपचार दिया. स्थिति की गंभीरता को देखते हुए उन्हें हेलीकॉप्टर से रेस्क्यू कर जिला अस्पताल रुद्रप्रयाग भेजा गया. जहां महिला यात्री का उपचार चल रहा है.
वहीं, राजस्थान के कोटा निवासी दीवाकर शर्मा को अचानक तेज सीने में दर्द की शिकायत हुई. उन्हें तत्काल नारायणकोटी स्थित माधव अस्पताल लाया गया, जहां जांच में हार्ट अटैक की पुष्टि हुई. प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए हेलीकॉप्टर के माध्यम से एम्स ऋषिकेश रेफर किया गया.