उदयपुर में दर्दनाक सड़क हादसा, दो मेडिकल स्टूडेंट्स की मौत दो गंभीर घायल

उदयपुर: राजस्थान के उदयपुर में शनिवार को हुए दर्दनाक सड़क हादसे में दो मेडिकल स्टूडेंट्स की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। मृतकों में एक छात्र मध्य प्रदेश के ग्वालियर और दूसरा छत्तीसगढ़ के बिलासपुर का रहने वाला बताया जा रहा है। हादसे के बाद घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के मुताबिक, हादसा देबारी-अंबेरी नेशनल हाईवे पर प्रतापनगर थाना क्षेत्र में रामदेवजी मंदिर के पास हुआ। बताया जा रहा है कि चारों मेडिकल स्टूडेंट्स एक कार में सवार होकर जा रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर पहले डिवाइडर से टकराई।
डिवाइडर से टकराने के बाद कार सड़क के दूसरी तरफ यानी रॉन्ग साइड में पहुंच गई। इसी दौरान सामने से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रेलर से कार की जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से कार में फंसे स्टूडेंट्स को बाहर निकाला गया। सभी घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने दो मेडिकल स्टूडेंट्स को मृत घोषित कर दिया। वहीं, दो अन्य स्टूडेंट्स का अस्पताल में इलाज चल रहा है और उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
पुलिस ने दोनों मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसे की सूचना उनके परिजनों को दे दी गई है। पुलिस ने दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि कार डिवाइडर से कैसे टकराई।
फिलहाल पुलिस हादसे से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है। इस दर्दनाक घटना के बाद मृतकों के परिवारों में शोक का माहौल है।