देहरादून में ट्रिपल मर्डर से सनसनी, चेन लूटने के विरोध पर बुजुर्ग दंपती और नौकरानी की हत्या
रायपुर की विष्णु लोक कॉलोनी में दिनदहाड़े वारदात, पेचकस से हमला; भाग रहे आरोपी को पड़ोसियों ने पकड़कर पुलिस के हवाले किया

देहरादून। रायपुर थाना क्षेत्र की विष्णु लोक कॉलोनी में मंगलवार दोपहर दिनदहाड़े ट्रिपल मर्डर की वारदात से सनसनी फैल गई। मकान नंबर 16 में घुसे आरोपी ने कथित तौर पर पहले बुजुर्ग महिला के गले से चेन लूट ली। विरोध करने पर आरोपी ने पेचकस से महिला पर हमला कर दिया। चीख-पुकार सुनकर मौके पर पहुंची नौकरानी और बुजुर्ग महिला के पति पर भी आरोपी ने पेचकस से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल तीनों को अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
जानकारी के अनुसार कि वारदात दोपहर करीब तीन बजे हुई। उस वक्त 85 वर्षीय रमेश कपूर, उनकी 76 वर्षीय पत्नी रजनी कपूर और करीब 45 वर्षीय नौकरानी शीला घर में मौजूद थीं। आरोप है कि आरोपी ने रजनी कपूर के गले से चेन छीनी और विरोध करने पर उन पर पेचकस से कई वार कर दिए।
महिला की चीख सुनकर नौकरानी शीला उन्हें बचाने के लिए पहुंचीं, लेकिन आरोपी ने उन पर भी हमला कर दिया। इसके बाद बुजुर्ग रमेश कपूर भी आरोपी के निशाने पर आ गए। हमले में तीनों गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़े।
शोर सुनकर पहुंचे पड़ोसी, आरोपी को दबोचा
घटना के दौरान घर से चीख-पुकार की आवाज सुनकर पड़ोसी भारती भंडारी समेत आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। लोगों को आता देख आरोपी भागने लगा और पेचकस दिखाकर उन्हें डराने की कोशिश की। हालांकि पड़ोसियों ने हिम्मत दिखाते हुए आरोपी को पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। बताया जा रहा है कि आरोपी को पकड़ने के दौरान लोगों ने उसकी पिटाई भी की।
पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लिया
ट्रिपल मर्डर की सूचना मिलते ही रायपुर थाना पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस चेन लूट के अलावा वारदात के पीछे किसी अन्य वजह की भी जांच कर रही है। घटना के बाद से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।