पैसों के विवाद में युवक से मारपीट और मोबाइल लूटने वाले दो आरोपी गिरफ्तार
एसएसपी दून की सख्ती से अपराधियो को उनके अंजाम तक पहुँचाती दून पुलिस

देहरादून पुलिस ने राजपुर क्षेत्र में युवक के साथ मारपीट, धमकी और मोबाइल छीनने की घटना का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से छीने गए दोनों मोबाइल फोन भी बरामद कर लिए हैं।
जानकारी के अनुसार कैनाल रोड निवासी पुष्कर चंद ने थाना राजपुर में शिकायत दर्ज कराई थी कि साईं मंदिर के निकट चाय पीने के दौरान अनंत चौधरी और उसके साथियों ने उनके साथ गाली-गलौज, मारपीट और जान से मारने की धमकी दी। आरोप है कि हमलावरों ने उनके दो मोबाइल फोन छीन लिए और उनकी कार में भी तोड़फोड़ की। शिकायत के आधार पर पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देश पर विशेष पुलिस टीम गठित की गई। टीम ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली तथा तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान की। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए अनंत चौधरी और मनप्रीत सिंह को काठ बंगला पुल के पास से गिरफ्तार कर लिया। उनके पास से घटना में छीने गए दोनों मोबाइल फोन भी बरामद किए गए।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि कुछ समय पहले पैसों के लेन-देन को लेकर उनका पुष्कर चंद से विवाद हुआ था। उसी रंजिश के चलते उन्होंने साईं मंदिर के पास वादी को देखकर उसके साथ मारपीट की और मोबाइल छीन लिए।