उज्जैन में शाही मस्जिद के हिस्से को हटाने पर बवाल,
उज्जैन में शाही मस्जिद के हिस्से को हटाने पर बवाल, पथराव के बाद पुलिस ने छोड़े आंसू गैस के गोले
मध्य प्रदेश के उज्जैन में सिंहस्थ 2028 की तैयारियों के तहत चल रहे सड़क चौड़ीकरण अभियान के दौरान सोमवार को तनाव की स्थिति पैदा हो गई। कंठाल चौराहे से गोपाल मंदिर तक प्रस्तावित सड़क चौड़ीकरण की जद में आ रहे शाही मस्जिद के प्रभावित हिस्से को हटाने की कार्रवाई नगर निगम की ओर से शुरू की गई। कार्रवाई का विरोध कर रहे लोगों और पुलिस के बीच स्थिति उस समय बिगड़ गई, जब मौके पर पथराव की घटना सामने आई।

बताया जा रहा है कि शाही मस्जिद के पूरे ढांचे को नहीं, बल्कि सड़क के प्रस्तावित अलाइनमेंट में आने वाले हिस्से को हटाया जाना है। इस कार्रवाई का स्थानीय लोगों द्वारा पिछले दो दिनों से विरोध किया जा रहा था। रविवार रात भी जेसीबी और पोकलेन मशीनों के साथ पुलिस बल मौके पर पहुंचा था, जिसके बाद बड़ी संख्या में लोग वहां जमा हो गए थे।
सोमवार सुबह नगर निगम की कार्रवाई शुरू होने के बाद एक बार फिर भीड़ जुटी और तनाव बढ़ गया। पुलिस के अनुसार, पथराव के बाद स्थिति को नियंत्रित करने के लिए आंसू गैस का इस्तेमाल किया गया। कुछ पुलिसकर्मियों के घायल होने की भी जानकारी सामने आई है।
यह सड़क चौड़ीकरण परियोजना सिंहस्थ 2028 की तैयारियों से जुड़ी है। प्रशासन का उद्देश्य प्रमुख मार्ग पर यातायात और श्रद्धालुओं की आवाजाही को सुगम बनाना बताया गया है। मामले को लेकर मध्य प्रदेश हाईकोर्ट में भी सुनवाई निर्धारित है।
फिलहाल इलाके में तनाव को देखते हुए भारी सुरक्षा व्यवस्था जारी है। प्रशासन की ओर से लोगों से शांति बनाए रखने और अफवाहों पर ध्यान नहीं देने की अपील की गई है। मामले में आगे की स्थिति पर प्रशासन और पुलिस की कार्रवाई जारी है।