LPU और चितकारा विरोध प्रदर्शन पर महिला आयोग सख्त, मांगी तत्काल रिपोर्ट

पंजाब राज्य महिला आयोग ने लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी (LPU) और चितकारा यूनिवर्सिटी में हाल में हुए छात्र विरोध-प्रदर्शनों का स्वत: संज्ञान लेते हुए संबंधित जिला प्रशासन, पुलिस और विश्वविद्यालय प्रशासन से तत्काल विस्तृत रिपोर्ट मांगी है।
दोनों विश्वविद्यालयों में छात्रों के विरोध के बीच कैंपस बंद करने की स्थिति बनी। इन घटनाओं के दौरान सोशल मीडिया पर कई दावे और अफवाहें भी सामने आईं, जिनकी स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई थी। LPU में कैंपस में रेप के आरोप को लेकर छात्रों ने प्रदर्शन किया, जबकि चितकारा यूनिवर्सिटी में छात्राओं के कथित तौर पर गायब होने की अपुष्ट खबरों के बाद विरोध-प्रदर्शन शुरू हुआ।
मामले को गंभीरता से लेते हुए पंजाब राज्य महिला आयोग ने दोनों संस्थानों से घटनाओं से जुड़ी विस्तृत जानकारी, दर्ज एफआईआर की प्रतियां और छात्राओं की सुरक्षा के लिए किए गए इंतजामों की जानकारी मांगी है। आयोग ने स्पष्ट किया कि उसका मुख्य फोकस महिला छात्रों की सुरक्षा, सम्मान और अधिकारों की रक्षा सुनिश्चित करना है। साथ ही, आयोग ने ऑनलाइन फैलाए जा रहे अपुष्ट आरोपों और दावों को बढ़ावा न देने की बात कही है।
रिपोर्ट में विश्वविद्यालय परिसरों में सुरक्षा व्यवस्था का पूरा विवरण भी मांगा गया है। इसमें सीसीटीवी कैमरों की निगरानी, सुरक्षा कर्मचारियों की तैनाती और प्रवेश एवं निकास द्वारों की मॉनिटरिंग शामिल है।
आयोग ने पुलिस और विश्वविद्यालय प्रशासन से यह भी बताने को कहा है कि महिला छात्रों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए अब तक क्या कदम उठाए गए हैं और सामने आई शिकायतों पर क्या कार्रवाई की गई है।